एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 99,976 हुई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 9,216 नए मामले सामने आने से कोरोना वायरस के कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,46,15,757 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 99,976 हो गई है।

देश की खबरें | देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 99,976 हुई

नयी दिल्ली, तीन दिसंबर देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 9,216 नए मामले सामने आने से कोरोना वायरस के कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,46,15,757 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 99,976 हो गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से केरल में 320 लोगों समेत 391 और मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,70,115 हो गई है। केरल सरकार द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य में मौत के 320 मामलों में से 66 मामले पिछले कुछ दिनों में सामने आए। वहीं, मौत के 254 मामलों को केन्द्र तथा उच्चतम न्यायालय के नए दिशा-निर्देशों के आधार पर कोविड-19 से मौत के मामलों में जोड़ा गया है।

मंत्रालय ने बताया कि देश में लगातार 159वें दिनों से संक्रमण के दैनिक मामले 50,000 से कम ही सामने आ रहे हैं। उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 99,976 हो गई, जो कुल मामलों का 0.29 फीसदी है। यह दर मार्च, 2020 के बाद से सबसे कम है। वहीं, राष्ट्रीय स्तर पर स्वस्थ होने की दर 98.35 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे के दौरान उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 213 का इजाफा हुआ है।

स्वास्थ्य मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार, दैनिक संक्रमण दर 0.80 प्रतिशत है। यह पिछले 60 दिन से दो प्रतिशत से कम बनी हुई है। साप्ताहिक संक्रमण दर 0.84 प्रतिशत है जो बीते 19 दिनों से एक प्रतिशत से कम है।

संक्रमण से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 3,40,45,666 हो गई है जबकि मृत्यु दर 1.36 प्रतिशत है। देश में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान शुरू होने के बाद से अब तक कोविड-19 रोधी टीके की 125.75 करोड़ से अधिक खुराक दी गई है।

देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार, इस साल चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे।

देश में 391 और मरीजों की मौत हुई, उनमें 24 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई। आंकड़ों के अनुसार, देश में अब तक संक्रमण से 4,70,115 लोगों की मौत हुई है, जिनमें महाराष्ट्र से 1,41,049 लोग, केरल से 40,855 लोग, कर्नाटक से 38,216, लोग तमिलनाडु से 36,504 लोग, दिल्ली से 25,098 लोग, उत्तर प्रदेश से 22,911 लोग और पश्चिम बंगाल से 19,510 लोग शामिल हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अब तक जिन लोगों की कोरोना वायरस के संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 03, 2021 10:42 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).