नयी दिल्ली, 18 मई देश में कोरोना वायरस से अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या सोमवार को एक लाख (1,00,000) के चिंताजनक आंकड़े को पार कर गई। पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु और अन्य कई राज्यों में कोविड-19 के कई हजार नए मामले सामने आए हैं।
सोमवार से शुरू हुए ‘‘लॉकडाउन-4’’ में केन्द्र और राज्य सरकारों ने तमाम छूट देते हुए कुछ शर्तों के साथ बाजार, टैक्सी, ऑटो और अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू करने की अनुमति दे दी है।
देश में कोरोना वायरस संक्रमण से अभी तक 3,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
कोविड-19 लॉकडाउन के कारण ठप पड़ी अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए आर्थिक गतिविधियां शुरू करने की छूट देते हुए देश के तमाम प्राधिकारों ने बाजार खोलने, अंतरराज्यीय परिवहन सेवा बहाल करने और यहां तक कि कुछ राज्यों में नाई की दुकान तथा सैलून आदि खोलने की भी अनुमति दे दी है। हालांकि ये छूट निषिद्ध क्षेत्रों में नहीं दी गई है।
‘‘लॉकडाउन-4’’ में स्कूल, कॉलेज, सिनेमा हॉल, शॉपिंग मॉल, धार्मिक स्थल और धार्मिक सहित अन्य प्रकार के आयोजनों पर पाबंदी है और यह कम से कम 31 मई तक जारी रहेगी।
भारत में 25 मार्च से ही लॉकडाउन जारी है जो शुरुआत में 21 दिन, यानी 14 अप्रैल तक के लिए लागू था। लेकिन उसे बढ़ाकर पहले तीन मई, फिर 17 मई और अब 31 मई तक कर दिया गया है।
हालांकि, लॉकडाउन के चौथे चरण में कई रियायतें दी गई हैं, वहीं राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को अधिकार दिया गया है कि वे केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा तय मानदंडों के आधार पर अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में किसी भी बड़ी-छोटी प्रशासनिक इकाई को रेड, ऑरेंज या ग्रीन जोन घोषित कर सकते हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार सुबह आठ बजे जारी बुलेटिन के अनुसार, देश में अभी तक 96,169 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं जबकि इस वायरस संक्रमण से 3,029 लोगों की मौत हुई है। वहीं कुल 36,824 लोग इलाज के बाद संक्रमण मुक्त होकर अपने-अपने घर लौट गए हैं।
लेकिन, पीटीआई- द्वारा विभिन्न राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों से प्राप्त आंकड़ों के संकलन के मुताबिक सोमवार रात साढ़े 10 बजे (10:30 रात) तक देश में 1,00,157 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है वहीं कुल 3,078 लोगों की संक्रमण से मौत हुई है जबकि 38,596 लोग इलाज के बाद संक्रमण मुक्त हुए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY