Covid-19 XBB.1.5 Variant: भारत में कोरोना वायरस के एक्सबीबी.1.5 स्वरूप के मामलों की संख्या बढ़कर सात हुई
भारत में कोरोना वायरस के एक्सबीबी.1.5 स्वरूप के मामलों की संख्या बढ़कर सात हो गयी है. भारतीय सार्स-सीओवी-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम (इन्साकॉग) के आंकड़ों में बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी गयी.
नयी दिल्ली, 6 जनवरी : भारत में कोरोना वायरस के एक्सबीबी.1.5 स्वरूप (XBB.1.5 Variant) के मामलों की संख्या बढ़कर सात हो गयी है. भारतीय सार्स-सीओवी-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम (इन्साकॉग) के आंकड़ों में बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी गयी. अमेरिका में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामलों में वृद्धि के लिए इसी स्वरूप को जिम्मेदार माना जा रहा है. आंकड़ों के मुताबिक सात मामलों में से तीन गुजरात में और एक-एक कर्नाटक, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ तथा राजस्थान में पाए गए.
कोरोना वायरस का एक्सबीबी.1.5 स्वरूप ओमीक्रोन एक्सबीबी स्वरूप का ही एक उपस्वरूप है, जो ओमीक्रोन बीए.2.10.1 और बीए.2.75 उपस्वरूप का पुनः संयोजक है. अमेरिका में कोरोना वायरस से संक्रमित 44 प्रतिशत मरीजों में एक्सबीबी और एक्सबीबी.1.5 स्वरूप ही पाया गया है. यह भी पढ़ें : COVID-19: कोविड मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच बीजिंग के अस्पतालों में बिस्तरों की कमी
इन्साकॉग के अनुसार ओमीक्रोन के बीएफ.7 उपस्वरूप के भी सात मामलों की पुष्टि हुई है, जिनमें से पश्चिम बंगाल में चार, गुजरात में दो और ओडिशा में एक मामला सामने आया है. चीन में कोविड-19 महामारी की मौजूदा भयावह लहर के लिए कोरोना वायरस के इसी स्वरूप को जिम्मेदार माना जा रहा है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 06, 2023 12:16 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

