देश की खबरें | ओडिशा की झारसुगुड़ा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए प्रचार का शोर थमा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा की झारसुगुड़ा विधानसभा सीट पर 10 मई को होने वाले उपचुनाव के लिए प्रचार अभियान सोमवार शाम छह बजे समाप्त हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

झारसुगुड़ा (तेलंगाना), आठ मई ओडिशा की झारसुगुड़ा विधानसभा सीट पर 10 मई को होने वाले उपचुनाव के लिए प्रचार अभियान सोमवार शाम छह बजे समाप्त हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

इस उपचुनाव के लिए सभी दलों ने बड़े जोरशोर से प्रचार किया क्योंकि यह अगले साल होने वाले आम चुनाव से पहले का राज्य का आखिरी चुनाव है।

निर्वाचन अधिकारी झारसुगुड़ा इंजीनियरिंग स्कूल पहुंचे जहां वे उपकरण एकत्रित करेंगे और मतदान बूथ के लिए रवाना होंगे।

ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) निकुंज बिहारी दहल ने पत्रकारों से कहा, ‘‘चुनाव प्रचार आज शाम छह बजे खत्म हो गया। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि सभी वे राजनीतिक कार्यकर्ता, स्टार प्रचारक और उम्मीदवार निर्वाचन क्षेत्र से चले जाए जो झारसुगुड़ा के मतदाता नहीं हैं। सभी अतिथि गृहों तथा होटलों की गहन तलाशी ली गयी है।’’

सीईओ ने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए सभी बंदोबस्त किए गए हैं कि 10 मई को शांतिपूर्ण मतदान हो। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा और मतगणना 13 मई को होगी।

इस उपचुनाव में कुल 2,21,070 मतदाता हैं।

दहल ने कहा कि किसी भी होटल, रेस्त्रां या बार में शराब की बिक्री या वितरण पर शाम छह बजे के बाद से मनाही है।

इस सीट पर चुनाव प्रचार में बीजू जनता दल, कांग्रेस तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेताओं ने भाग लिया।

झारसुगुड़ा से निवर्तमान विधायक और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास की 29 जनवरी को हत्या किए जाने के बाद यहां उपचुनाव कराने की आवश्यकता पड़ी।

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया।

बीजद ने इस सीट से दास की बेटी दीपाली दास को प्रत्याशी बनाया है जबकि भाजपा ने टंकाधर त्रिपाठी और कांग्रेस ने तरुण पांडे को उम्मीदवार बनाया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\