Rajasthan: राजस्थान का अगला मुख्यमंत्री जनता की पसंद का होगा- वसुंधरा राजे
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शुक्रवार को कहा कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री वह बनेगा, जिसे जनता पसंद करेगी.
जोधपुर (राजस्थान), 22 अक्टूबर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शुक्रवार को कहा कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री वह बनेगा, जिसे जनता पसंद करेगी. राजस्थान में मुख्यमंत्री पद के दावेदारों की संख्या के संबंध में सवाल करने पर राजे ने कहा, ‘‘यह सिर्फ चाहने से नहीं होता. जनता क्या चाहती है, वह अधिक महत्वपूर्ण है.’’ उन्होंने कहा कि सभी समुदाय प्रेम पाने के अधिकारी हैं और सिर्फ वही व्यक्ति शासन कर सकता है जिसे बदले में सभी का प्यार मिल रहा हो.
कांग्रेस को ‘‘डूबता हुआ जहाज’’ बताते हुए राजे ने कहा कि राज्य में सत्तारूढ़ दल की स्थिति और अंदरूनी लड़ाई देखकर उन्हें ऐसा ही लग रहा है. राजे ने शुक्रवार को दिन में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से सर्किट हाउस में मुलाकात की और उनसे राजस्थान विधानसभा और लोकसभा में अगले चुनावों की तैयारियां करने को कहा. उन्होंने कहा, ‘‘मैंने सभी कार्यकर्ताओं से तैयार रहने को कहा, क्योंकि 2023 (राजस्थान विधानसभा) और 2024 (लोकसभा) चुनावों के लिए बिगुल बजने वाला है. मैंने उनसे पूरी ताकत के साथ सामने आने को कहा है.’’ यह भी पढ़ें : लखीमपुर खीरी मामले के एसआईटी प्रमुख और 5 अन्य आईपीएस अधिकारियों का तबादला
राजे केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत की मां और पूर्व राज्य मंत्री महिपाल मदेरणा के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए बृहस्पतिवार को दो दिन के लिए जोधपुर आयीं. सर्किट हाउस में ठहरी राजे ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह जिले में भाजपा की स्थिति को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत की और स्थानीय नेताओं के साथ बैठक की. गहलोत जोधपुर जिले के सरदारपुरा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 22, 2021 03:27 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

