देश की खबरें | सिद्धरमैया और कांग्रेस नेतृत्व के बीच मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर चर्चा की खबर गलत : शिवकुमार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने उनके और मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के नयी दिल्ली दौरे के दौरान कांग्रेस नेतृत्व के साथ राज्य मंत्रिमंडल में बदलाव को लेकर चर्चा होने की अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए इसे ‘‘गलत सूचना’’ बताया।
हुबली (कर्नाटक), दो अप्रैल कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने उनके और मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के नयी दिल्ली दौरे के दौरान कांग्रेस नेतृत्व के साथ राज्य मंत्रिमंडल में बदलाव को लेकर चर्चा होने की अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए इसे ‘‘गलत सूचना’’ बताया।
सिद्धरमैया बुधवार को पहले ही दिल्ली पहुंच चुके हैं, जबकि पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष शिवकुमार के बुधवार शाम को दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम है।
दोनों नेताओं की दिल्ली में होने वाले कार्यक्रमों को लेकर दी गई आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, वे पुनर्निर्मित कर्नाटक भवन बिल्डिंग-1 ‘कावेरी’ के उद्घाटन में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री का बुधवार और बृहस्पतिवार को कुछ केंद्रीय मंत्रियों से मिलने का भी कार्यक्रम है।
शिवकुमार के अनुसार, वे दिल्ली दौरे के दौरान कांग्रेस आलाकमान से भी मुलाकात करेंगे।
उपमुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर संवाददाताओं द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, ‘‘किसी ने आपको इस संबंध में गलत जानकारी दी है। मंत्रिमंडल में फेरबदल मुख्यमंत्री के विवेक पर छोड़ दिया गया है। वह और आलाकमान इस पर चर्चा करेंगे और फैसला लेंगे। आपकी जानकारी सच्चाई से कोसों दूर है।’’
उन्होंने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि विधान परिषद की चार रिक्त सीट पर पार्टी उम्मीदवारों को लेकर चर्चा होगी।
लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद से ही मंत्रियों के प्रदर्शन के आधार पर मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल की अटकलें लगाई जा रही हैं। मंत्री पद के इच्छुक विधायकों के एक वर्ग की ओर से भी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की मांग की जा रही है। कुछ विधायकों ने तो खुले तौर पर मंत्री बनने की इच्छा भी जताई है।
सिद्धरमैया के नेतृत्व में मई 2023 में सरकार बनने के बाद से राज्य मंत्रिमंडल में फेरबदल नहीं किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)