एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | हमारी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा : किसान नेता पंधेर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने बृहस्पतिवार को कहा कि पंजाब और हरियाणा के दो सीमा बिंदुओं पर डेरा डाले किसान अपनी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखेंगे।

देश की खबरें | हमारी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा : किसान नेता पंधेर

चंडीगढ़, 21 मार्च किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने बृहस्पतिवार को कहा कि पंजाब और हरियाणा के दो सीमा बिंदुओं पर डेरा डाले किसान अपनी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखेंगे।

संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मुक्ति मोर्चा फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी सहित अपनी विभिन्न मांगें मनवाने के लिए सरकार पर दबाव बनाने के वास्ते ‘दिल्ली चलो’ मार्च का नेतृत्व कर रहे हैं।

पंजाब के प्रदर्शनकारी किसान 13 फरवरी को सुरक्षा बलों द्वारा आगे बढ़ने से रोके जाने के बाद से शंभू और खनौरी सीमा पर डेरा डाले हुए हैं।

पंधेर ने कहा, ‘‘जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं हो जाती, यह (हमारा प्रदर्शन) शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा।’’

किसान नेता ने कहा कि इस प्रदर्शन का आदर्श आचार संहिता से कोई लेना-देना नहीं है जो आम चुनाव की घोषणा के साथ लागू हुई है। उन्होंने कहा कि हम किसानों और कृषि मजदूरों से संबंधित अपने एजेंडे को लोगों के सामने रख रहे हैं।

इस बीच, शंभू और खनौरी सीमा पर अवरोधक लगाये जाने के साथ-साथ हरियाणा के सुरक्षाकर्मी तैनात हैं।

पंधेर ने उन्हें ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ राष्ट्रीय राजधानी की ओर जाने की अनुमति नहीं देने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की आलोचना की। उन्होंने सवाल किया, ‘‘हमें अपनी मांगों के समर्थन में दिल्ली जाने की अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है।’’

उन्होंने बताया कि जैसे-जैसे तापमान बढ़ रहा है, किसान अपने घरों से पंखे और अन्य वस्तुएं सीमा पर ला रहे हैं।

पंधेर ने बताया कि अमृतसर, जंडियाला और ब्यास से किसानों और कृषि मजदूरों के कई समूह सीमाओं के लिए रवाना हुए हैं।

किसानों ने 13 फरवरी को अपना मार्च शुरू किया था लेकिन सुरक्षा बलों ने उन्हें रोक दिया, जिसके चलते हरियाणा-पंजाब सीमा पर शंभू और खनौरी सीमा बिंदुओं पर झड़पें हुई थीं।

धीरज सुभाष

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 21, 2024 05:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).