एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | खेल मंत्रालय ने प्रदर्शन की समीक्षा के बाद टॉप्स कोर ग्रुप में भारी कटौती की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. खेल मंत्रालय की टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स)के कोर ग्रुप को हाल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन की समीक्षा के बाद 179 से घटाकर 94 कर दिया गया है जिसमें भारत के कुछ बड़े खिलाड़ियों के नाम हटा दिए गए हैं क्योंकि टेनिस, तैराकी और गोल्फ को कोई प्रतिनिधित्व नहीं मिला है जबकि मुक्केबाजी और एथलेटिक्स में संख्या काफी कम कर दी गई।

देश की खबरें | खेल मंत्रालय ने प्रदर्शन की समीक्षा के बाद टॉप्स कोर ग्रुप में भारी कटौती की

नयी दिल्ली, 21 फरवरी खेल मंत्रालय की टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स)के कोर ग्रुप को हाल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन की समीक्षा के बाद 179 से घटाकर 94 कर दिया गया है जिसमें भारत के कुछ बड़े खिलाड़ियों के नाम हटा दिए गए हैं क्योंकि टेनिस, तैराकी और गोल्फ को कोई प्रतिनिधित्व नहीं मिला है जबकि मुक्केबाजी और एथलेटिक्स में संख्या काफी कम कर दी गई।

इसमें भी जिन 94 खिलाड़ियों को चुना गया है उनमें से मात्र 42 ही शारीरिक रूप से सक्षम एथलीट हैं जो पिछली सूची से 78 कम है।

पेरिस पैरालंपिक में शीर्ष प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों सहित 52 पैरा-एथलीट कोर ग्रुप में हैं जो उनके बढ़ते कद और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते प्रदर्शन को दर्शाता है जिसमें पेरिस में जीते गए 29 पदक (सात स्वर्ण) शामिल हैं।

इस सूची में 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के क्वालीफिकेशन चक्र में प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों को जोड़ा या हटाया जाना जारी रहेगा।

टॉप्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एन एस जोहल ने पीटीआई को बताया, ‘‘यह आज तक के प्रदर्शन के आधार पर देखी गई क्षमता का सच्चा, पारदर्शी और यथार्थवादी प्रतिबिंब है। ’’

नए समूह में शामिल होने के लिए खिलाड़ियों को या तो पेरिस पदक विजेता होना चाहिए था या खेलों के ड्रॉ में आगे तक बढ़ना चाहिए था या विश्व रैंकिंग में शीर्ष 16 में होना चाहिए था।

पिछली सूची में एथलेटिक्स में 30 नाम शामिल थे लेकिन अब अपडेट किए गए ग्रुप में केवल तीन एथलीट हैं और उनमें से कोई भी महिला नहीं है।

भाला सुपरस्टार नीरज चोपड़ा, स्टीपलचेजर अविनाश साबले और लंबी कूद के खिलाड़ी एम श्रीशंकर समूह में ट्रैक और फील्ड के खिलाड़ी हैं।

जिन प्रमुख खिलाड़ियों को सूची से बाहर किया जाना है, उनमें एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतने वाले चक्का फेंक खिलाड़ी तजिंदरपाल सिंह तूर, राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी भाला फेंक खिलाड़ी अन्नू रानी और दो बार एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतने वाले धावक मोहम्मद अनस याहिया शामिल हैं।

मुक्केबाजी का प्रतिनिधित्व भी आठ से घटकर मात्र दो रह गया है और इनमें से कोई भी पुरुष मुक्केबाज नहीं है। केवल तोक्यो ओलंपिक की कांस्य विजेता लवलीना बोरगोहेन और विश्व चैंपियन निकहत जरीन ही सूची में जगह बना पाई हैं।

के श्रीकांत और युगल विशेषज्ञ अश्विनी पोनप्पा सबसे स्थापित बैडमिंटन खिलाड़ी हैं, जिन्हें सूची से बाहर रखा गया है जिसमें पीवी सिंधु, एचएस प्रणय, लक्ष्य सेन और सात्विकसाईराज रंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी की युगल टीम को शामिल किया गया है।

निशानेबाजी का उच्च प्रतिनिधित्व जारी है। लेकिन कुल संख्या 25 से घटकर 17 हो गई है। विश्व चैंपियनशिप के पदक विजेता दिव्यांश सिंह पंवार (राइफल) और अनीश भानवाला (पिस्टल) की जोड़ी को बाहर रखा गया है।

गोल्फ, तैराकी और टेनिस से कोई खिलाड़ी नहीं है। भारत के शीर्ष एकल खिलाड़ी सुमित नागल और अनुभवी रोहन बोपन्ना को जगह नहीं मिली क्योंकि मंत्रालय ने गोल्फ और तैराकी के साथ टेनिस को भी नई सूची से हटा दिया।

टेबल टेनिस समूह से भी भारी कटौती की गई है जिसमें केवल मनिका बत्रा और श्रीजा अकुला को ही जगह मिली है। अनुभवी ए शरत कमल अब इस सूची में नहीं हैं और न ही जी साथियान है।

तोक्यो ओलंपिक के रजत विजेता रवि दहिया का नाम चोट के कारण ब्रेक के कारण सूची से बाहर हो गया। इसके अलावा विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया के नाम भी गायब हैं जो अब कांग्रेस पार्टी में सक्रिय राजनेता हैं। विनेश हरियाणा में विधायक हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 21, 2025 09:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).