देश की खबरें | सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने 10 ‘ऑडियोबुक’ के लिए ‘ऑडिबल’ के साथ साझेदारी की

नयी दिल्ली, पांच मई ई-कॉमर्स से जुड़ी अमेजॉन की कंपनी ‘ऑडिबल’ ने भारत की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से संबंधित 10 ‘ऑडियोबुक’ की एक श्रृंखला जारी करने के लिए सूचना और प्रसारण मंत्रालय के साथ साझेदारी की है।

इनमें से पहली ‘ऑडियोबुक’ "विवेकानंद की कहानी" का विमोचन हाल में मुंबई में संपन्न ‘वेव्स’ 2025 में किया गया।

ऑडिबल, अमेजॉन की एक सब्सक्रिप्शन सेवा है जो ऑडियोबुक, पॉडकास्ट और अन्य ऑडियो सामग्री प्रदान करती है। यह आपको ऑडियो के माध्यम से किताबें सुनने का एक विकल्प देता है।

‘ऑडिबल’ सदस्यों और एलेक्सा-सक्षम उपकरणों के लिए उपलब्ध इस ‘ऑडियोबुक’ का उद्देश्य ऑडियो कहानी के माध्यम से स्वामी विवेकानंद के जीवन और शिक्षाओं को सुलभ बनाना है।

भारत में ‘ऑडिबल इंडिया’ के प्रबंधक शैलेश सावलानी ने एक बयान में कहा, “ भारत में, जहां कहानी सुनाना परंपरा और जीवंत संस्कृति दोनों का हिस्सा है, ऑडियो उस विरासत का सबसे स्वाभाविक विकास है।”

उन्होंने कहा कि इन मौलिक भारतीय कृतियों को ऑडियो प्रारूप में लाने से लोगों का न केवल मनोरंजन होगा, बल्कि वे शिक्षित, प्रेरित और सशक्त भी बनेंगे।

मंत्रालय के प्रकाशन प्रभाग द्वारा प्रकाशित पुस्तकों में "योजना क्लासिक्स", "जलियांवाला बाग", "बर्फ का दूल्हा", "आचार्य विनोबा भावे", "निवेदिता का नया घर" तथा "बाल भारती" कहानी संकलन - भाग एक और दो भी शामिल हैं।

यह 10 ‘ऑडियोबुक’ भारत और दुनियाभर में ‘ऑडिबल’ के सदस्यों के लिए उपलब्ध होंगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)