विदेश की खबरें | पाक में गृह मंत्रालय ने सिख हकीम की हत्या मामले में रिपोर्ट मांगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने देश के अशांत उत्तर-पश्चिमी शहर पेशावर में एक प्रसिद्ध सिख 'हकीम' की हत्या के मामले में खैबर पख्तूनख्वा की प्रांतीय सरकार से रिपोर्ट मांगी है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पेशावर, दो अक्टूबर पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने देश के अशांत उत्तर-पश्चिमी शहर पेशावर में एक प्रसिद्ध सिख 'हकीम' की हत्या के मामले में खैबर पख्तूनख्वा की प्रांतीय सरकार से रिपोर्ट मांगी है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि यूनानी पद्धति से उपचार करने वाले 45 वर्षीय 'हकीम' सरदार सतनाम सिंह (खालसा) बृहस्पतिवार को अपने क्लीनिक में थे। पुलिस ने बताया, तभी कुछ अज्ञात बंदूकधारी उनके केबिन में घुसे और गोलियां चलायी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार घटनास्थल से फरार होने में सफल रहे हमलावरों ने चार बार गोलीबारी की।

एक अधिकारी के मुताबिक, संघीय गृह मंत्रालय ने खैबर पख्तूनख्वा सरकार से हत्या के संबंध में रिपोर्ट मांगी है। अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक रिपोर्ट गृह मंत्रालय को भेज दी गई है, जबकि पुलिस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाया है। अधिकारी के अनुसार सिंह का अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया गया।

प्रांतीय पुलिस प्रमुख मोअज्जम जाह अंसारी ने सिंह के आवास का दौरा किया और उनके परिवार को सांत्वना दी।

इस्लामिक स्टेट के अफगानिस्तान सहयोगी संगठन, इस्लामिक स्टेट खुरासान (आईएसआईएस-के) ने पेशावर में सिंह की हत्या की जिम्मेदारी ली है।

समाचार एजेंसी ‘एसोसिएटेड प्रेस’ ने आतंकवादी समूह के हवाले से कहा कि आईएसआईएस-के ने सिंह को “बहुदेववादी” बताया है।

सिंह पेशावर के चारसद्दा रोड पर अपना क्लीनिक 'धर्मंदर फार्मेसी' चला रहे थे। वह पिछले 20 साल से शहर में रह रहे थे। सिंह के परिवार में उनकी पत्नी, तीन बेटियां और दो बेटे हैं।

पेशावर में लगभग 15,000 सिख रहते हैं, ज्यादातर प्रांतीय राजधानी के जोगन शाह पड़ोस में रहते हैं। पेशावर में अधिकांश सिख समुदाय के सदस्य व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि कुछ दवा के कारोबार से जुड़े हैं।

खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री महमूद खान ने सिंह की हत्या की कड़ी निंदा की और पुलिस को हत्यारों को गिरफ्तार करने के लिए तत्काल कदम उठाने का निर्देश दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now