देश की खबरें | उत्तराखंड से आए मेधावी विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की

लखनऊ, 17 दिसंबर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शनिवार को यहां उनके सरकारी आवास पर उत्तराखंड से आए मेधावी विद्यार्थियों के एक दल ने भेंट की।

उत्तराखंड के विभिन्न विद्यालयों के 60 विद्यार्थियों एवं 16 शिक्षकों के इस दल का नेतृत्व देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद कंडारी ने किया। शनिवार को यहां एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी।

बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने मुलाकात के दौरान सभी मेधावी विद्यार्थियों और शिक्षकों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड का अटूट रिश्ता है।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड की भौगोलिक विविधता की जानकारी भी दी।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को लखनऊ में प्राणि उद्यान एवं विधान भवन देखने तथा मेट्रो रेल सेवा का अनुभव प्राप्त करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि लखनऊ मेट्रो रेल आधुनिक परिवहन का महत्वपूर्ण साधन है। इससे उन सभी को परिचित होना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को अयोध्या भ्रमण के दौरान श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी और सरयू नदी के दर्शन करने के लिए कहा।

मुख्यमंत्री ने दल में सम्मिलित सभी सदस्यों को ‘एक जनपद, एक उत्पाद योजना’ के उत्पाद उपहार स्वरूप भेंट किए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)