देश की खबरें | दिल्ली सरकार की नीतियों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को लाभ पहुंचाना है: केजरीवाल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि दिल्ली सरकार की सभी योजनाओं और नीतियों का मुख्य उद्देश्य साधारण महिलाओं को फायदा पहुंचाना है।

नयी दिल्ली, आठ मार्च मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि दिल्ली सरकार की सभी योजनाओं और नीतियों का मुख्य उद्देश्य साधारण महिलाओं को फायदा पहुंचाना है।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दिल्ली महिला आयोग द्वारा आयोजित पुरस्कार समारोह में केजरीवाल ने अपने विचार रखे।

उन्होंने कहा, “हमारी सभी योजनाओं का मुख्य उद्देश्य साधारण महिलाओं को फायदा पहुंचाना और उनका जीवन सरल करना है। पिछले पांच साल में दिल्ली सरकार ने जो भी नीतियां बनाई हैं उनमें हमने यह सुनिश्चित किया है कि साधारण महिलाओं को इसका लाभ मिले।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के कल्याण के लिए बनाई गई नीतियों में पानी और बिजली मुफ्त देना शामिल है।

केजरीवाल के अनुसार, शहर में मुफ्त बिजली और पानी देने से महिलाओं को घर चलाने में सुविधा हुई है, विशेषकर तब जबकि आय नहीं बढ़ रही और चीजों के दाम बढ़ते जा रहे हैं।

उन्होंने कहा, “दिल्ली संभवतः देश में अकेला ऐसा स्थान है जहां 24 घंटे, सातों दिन मुफ्त बिजली उपलब्ध है और आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि दिल्ली के 73 प्रतिशत लोगों का बिजली का बिल शून्य है। जब ऐसा हुआ तो महिलाओं को सबसे ज्यादा खुशी हुई।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “इससे उन्हें घर चलाने में अधिक सुविधा हुई। वह हर महीने एक हजार, पंद्रह सौ, दो हजार रुपये की बचत करने में कामयाब रहीं। इसी प्रकार, जब हमने पानी मुफ्त कर दिया तब दिल्ली की सामान्य गृहिणी सबसे ज्यादा खुश थी।”

उन्होंने कहा कि बस के किराए में महिलाओं को छूट देने की दिल्ली सरकार की पहल ने गरीब तबके की छात्राओं को विशेष रूप से सशक्त किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\