देश की खबरें | महाराष्ट्र सरकार ने ‘गद्दार’ का अपमान करने के लिए कामरा को तलब किया, सोलापूरकर पर चुप रही: उद्धव
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शिवसेना (उबाठा) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने बृहस्पतिवार को कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने ‘‘गद्दार’’ का अपमान करने के लिए कॉमेडियन कुणाल कामरा को तलब किया, लेकिन छत्रपति शिवाजी महाराज का ‘‘अपमान’’ करने के मामले में अभिनेता राहुल सोलापूरकर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
मुंबई, 27 मार्च शिवसेना (उबाठा) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने बृहस्पतिवार को कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने ‘‘गद्दार’’ का अपमान करने के लिए कॉमेडियन कुणाल कामरा को तलब किया, लेकिन छत्रपति शिवाजी महाराज का ‘‘अपमान’’ करने के मामले में अभिनेता राहुल सोलापूरकर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
राज्य विधानसभा के बजट सत्र के समाप्त होने के एक दिन बाद उन्होंने संवाददाताओं के साथ बातचीत में मुस्लिम परिवारों के लिए ‘सौगात-ए-मोदी’ कार्यक्रम को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आलोचना भी की।
ठाकरे ने कहा, ‘‘आप एक गद्दार का अपमान करने के लिए कुणाल कामरा को दो बार तलब करते हैं, लेकिन राहुल सोलापूरकर को एक बार भी नहीं बुलाते।’’
कामरा को मुंबई पुलिस ने तलब किया है। शिवसेना (उबाठा) ने अकसर शिंदे के लिए ‘‘गद्दार’’ शब्द का इस्तेमाल किया है जिन्होंने उद्धव ठाकरे के खिलाफ बगावत कर 2022 में पार्टी को विभाजित कर दिया।
कामरा के ‘पैरोडी’ गीत में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को निशाना बनाया गया था, जिसके बाद रविवार को यहां एक स्टूडियो पर शिंदे समर्थकों ने हमला कर दिया था।
हाल में एक ‘पॉडकास्ट’ में सोलापूरकर ने कहा था कि 17वीं सदी के मराठा योद्धा शिवाजी महाराज मुगल सम्राट औरंगजेब के अधिकारियों को ‘‘रिश्वत’’ देकर आगरा किले से भाग निकले थे, न कि मिठाई की टोकरी में खुद को छिपाकर जैसा कि प्रचलित है। इसके बाद उनकी काफी आलोचना हुई और कुछ दक्षिणपंथी संगठनों ने ‘‘रिश्वत’’ शब्द पर आपत्ति जताई।
‘सौगात-ए-मोदी’ पहल के बारे में ठाकरे ने कहा, ‘‘जब शिवसेना को मुस्लिम मतदाताओं से भारी समर्थन मिला तो यह कहते हुए हल्ला मचाया गया कि मैंने हिंदुत्व छोड़ दिया है। उन्होंने सत्ता-जिहाद जैसे शब्द भी कहे। लेकिन अब, उन्हीं लोगों ने अपना रुख बदल दिया है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 27, 2025 02:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

