देश की खबरें | अपहृत बच्ची 24 घंटे के अंदर नवी मुंबई से बरामद, आरोपी महिला गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित पनवेल रेलवे स्टेशन के बाहर से अगवा की गई तीन माह की बच्ची को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सकुशल तलाश लिया और इस घटना के संबंध में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
ठाणे, एक जून महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित पनवेल रेलवे स्टेशन के बाहर से अगवा की गई तीन माह की बच्ची को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सकुशल तलाश लिया और इस घटना के संबंध में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पनवेल शहर पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक नितिन ठाकरे ने बताया कि शुक्रवार दोपहर तीन बजे से साढ़े तीन बजे के बीच एक अज्ञात व्यक्ति ने बच्ची को उस समय अगवा कर लिया जब वह अपनी मां के साथ स्टेशन के बाहर थी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने बच्ची की तलाश और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच टीम गठित कीं।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने स्टेशन के आसपास के क्षेत्र का सीसीटीवी फुटेज खंगाला जिसमें एक महिला को बच्ची को लेकर पुणे जाने वाली ट्रेन में सवार होते हुए देखा गया।
इसके बाद पुलिस ने करजत, लोनावला, दौण्ड और पुणे के अन्य स्थानों पर टीम रवाना कीं।
बाद में पुलिस को पता चला कि संदिग्ध महिला लोनावला से वापस पनवेल लौट आई है।
शनिवार को पुलिस ने कलंबोली अग्निशमन केंद्र के पास महिला को बच्ची के साथ देखा और तुरंत उसे पकड़ लिया।
अधिकारी ने बताया कि बच्ची को सकुशल उसकी मां को सौंप दिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी महिला की पहचान रोशनी विनोद वागेश्री (35) के रूप में हुई है जो पनवेल रेलवे स्टेशन के सामने स्थित झोपड़पट्टी में रहती है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 01, 2025 12:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

