देश की खबरें | देश के आदर्शों के लिए संघर्ष करते रहने की प्रेरणा आपसे मिलती है: प्रियंका ने वायनाड के लोगों से कहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को वायनाड लोकसभा उपचुनाव में अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए मतदाताओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे उनके लिए और भी अधिक मेहनत करने तथा देश के आदर्शों के लिए संघर्ष करते रहने की प्रेरणा हैं।
नयी दिल्ली, 13 नवंबर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को वायनाड लोकसभा उपचुनाव में अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए मतदाताओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे उनके लिए और भी अधिक मेहनत करने तथा देश के आदर्शों के लिए संघर्ष करते रहने की प्रेरणा हैं।
प्रिंयका वायनाड लोकसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस की उम्मीदवार हैं और पहली बार चुनाव लड़ रही हैं।
मतदान समाप्त होने के बाद प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘वायनाड के लोगों ने मुझे अपना प्यार दिया और खुले दिल से मेरा स्वागत किया। पूरी उत्साह से आगे आने तथा अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आप मेरे लिए और भी अधिक मेहनत करने और हमारे राष्ट्र के आदर्शों के लिए लड़ते रहने की प्रेरणा हैं।’’
प्रियंका ने कहा, ‘‘वायनाड में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के प्रत्येक कार्यकर्ता और नेता, तथा आप में से कई लोग जो केरल और देश भर के अन्य राज्यों से इस अभियान के लिए मुझे अपना समर्थन देने आए हैं, मैं आपके द्वारा किए गए सभी प्रयासों, आपके प्यार और हमारे आदर्शों के प्रति आपकी अटूट प्रतिबद्धता के लिए बहुत आभारी हूं।’’
इससे पहले दिन में, मतदान शुरू होने पर प्रियंका ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मेरे प्यारे भाइयों और बहनों, कृपया आज मतदान कीजिए। आज आपका दिन है। ऐसा दिन जब आप अपनी पसंद से किसी को चुनते हैं और संविधान द्वारा दिए गए सबसे बड़े अधिकार का इस्तेमाल करते हैं। आइए, मिलकर बेहतर भविष्य बनाएं।’’
प्रियंका के भाई और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के वायनाड सीट छोड़ने के बाद यहां उपचुनाव हो रहा है। कुछ महीने पहले संपन्न लोकसभा चुनाव में राहुल ने उत्तर प्रदेश की रायबरेली और वायनाड, दोनों सीट से जीत हासिल की थी और बाद में उन्होंने केरल की इस लोकसभा को छोड़ दिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)