देश की खबरें | बोर्ड परीक्षा में उत्तर प्रदेश की जेलों के कैदियों ने भी लिखी कामयाबी की इबारत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश की जेलों में बंद 10वीं की बोर्ड परीक्षा देने वाले 95 प्रतिशत कैदियों ने परीक्षा पास कर ली है। साथ ही 12वीं की परीक्षा में सफलता की यह दर 70 प्रतिशत से अधिक रही।
लखनऊ, सात मई उत्तर प्रदेश की जेलों में बंद 10वीं की बोर्ड परीक्षा देने वाले 95 प्रतिशत कैदियों ने परीक्षा पास कर ली है। साथ ही 12वीं की परीक्षा में सफलता की यह दर 70 प्रतिशत से अधिक रही।
माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश ने पिछले महीने 25 अप्रैल को कक्षा 10 और कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित किए थे।
जेल विभाग के अधिकारियों अनुसार, 10वीं की परीक्षा में बैठने वाले 60 कैदियों में से 57 ने इसमें कामयाबी हासिल की, जबकि प्रथम श्रेणी के अंक हासिल करने वालों का प्रतिशत 82.40 रहा। इसी तरह, 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए 64 कैदियों में से 45 यानी 70.30 फीसदी ने परीक्षा पास की। इनमें से छह कैदियों (13.30 प्रतिशत) ने प्रथम श्रेणी के अंक हासिल किए।
उन्होंने बताया कि 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में फिरोजाबाद जिला जेल के सभी छह कैदी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। इसी तरह, लखनऊ जिला जेल के सभी पांच और शाहजहांपुर जिला जेल के सभी चार बंदियों ने भी प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की।
आगरा जिला जेल, सहारनपुर जिला जेल, कानपुर नगर जिला जेल, आगरा सेंट्रल जेल और मुरादाबाद जिला जेल के दो-दो कैदियों ने भी प्रथम श्रेणी हासिल की है। एटा जेल, मैनपुरी जेल, वाराणसी जेल और बिजनौर जेल से एक-एक कैदी ने प्रथम श्रेणी के अंकों के साथ कक्षा 10 की परीक्षा पास की है।
कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा में बरेली सेंट्रल जेल ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया, जहां पांच कैदियों में से तीन प्रथम श्रेणी के अंकों के साथ परीक्षा में उत्तीर्ण हुए। गाजियाबाद जिला जेल, लखनऊ जिला जेल और रायबरेली जिला जेल से एक-एक कैदी ने प्रथम श्रेणी के अंक हासिल किए।
जेलों में कैदियों के पढ़ने की व्यवस्था के बारे में एक वरिष्ठ जेल अधिकारी ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘बोर्ड की परीक्षा में शामिल होने वाले कैदी फॉर्म भरते हैं। हमारी कुछ जेलों में परीक्षा केंद्र भी बनाए गए हैं क्योंकि कैदियों को परीक्षा देने के लिए बाहर जाने की अनुमति नहीं है। इस बार 10 जेलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)