देश की खबरें | पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतियों से मुलाकात की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. (फाइल फोटो के साथ)

(फाइल फोटो के साथ)

कोलकाता, 18 जनवरी पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी वी आनंद बोस ने शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु की मौजूदगी में राज्य के 31 विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ बैठक की।

शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु ने मंगलवार को करीब एक घंटे तक चली इस बैठक को ‘‘सौहार्दपूर्ण’’ करार दिया। यह बैठक इसलिए भी बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि राज्य की तृणमूल सरकार तथा कुछ कुलपतियों के पूर्व राज्यपाल जगदीप धनखड़ के साथ रिश्ते बेहद खराब रहे हैं। राज्य के तत्कालीन राज्यपाल धनखड़ प्राय: तृणमूल कांग्रेस की कार्यशैली की आलोचना किया करते थे।

धनखड़ ने कई मौकों पर राजभवन में इसी तरह की बैठक के लिए विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को बुलाया था, लेकिन कुलपति तब विभिन्न कारणों का हवाला देते हुए इन बैठकों से दूर रहे थे।

ब्रत्य बसु ने संवाददाताओं से कहा कि बोस और विश्वविद्यालय के अधिकारियों दोनों ने नियमित रूप से आपसी समन्वय और तालमेल की आवश्यकता पर बल दिया ताकि वे राज्य में शिक्षा परिदृश्य की बेहतरी के लिए काम कर सकें।

ब्रत्य बसु ने कहा, ‘‘ आज की बैठक बेहद सकारात्मक रही। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी हाल ही में माननीय राज्यपाल से मुलाकात की थी और उनके साथ कई मुद्दों पर उपयोगी बातचीत की थी। हमें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में नबन्ना (राज्य सचिवालय) और राजभवन दोनों मिलकर काम करेंगे। ’’

बैठक में शामिल हुए एक कुलपति ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि राज्यपाल ने उन्हें विश्वविद्यालयों के लिए राजस्व के वैकल्पिक स्रोत खोजने की सलाह दी है।

उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि राज्य भर में 'टेली-एजुकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर' को मजबूत किया जाना चाहिए।

केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुभाष सरकार ने इस बैठक का स्वागत करते हुए कहा कि व्यवस्था के समग्र कल्याण के लिए सभी हितधारकों का एक ही मंच पर आना अनिवार्य है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

\