देश की खबरें | अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल ने सीमावर्ती इलाकों में व्यापक चौकसी की जरूरत बताई

ईटानगर, 25 मई अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल के. टी. परनाइक ने राज्य में सीमावर्ती इलाकों की व्यापक चौकसी और खुफिया एजेंसियों के बीच समन्वय की जरूरत पर जोर दिया है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ बुधवार को हुई एक बैठक के दौरान राज्यपाल ने सीमाओं की हिफाजत तथा सुरक्षा बलों और अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक रह रहे ग्रामीणों के समन्वित प्रयासों की जरूरत को रेखांकित किया।

राजभवन ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि उन्होंने रक्षा मंत्री को सीमा की पहरेदारी और राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए अतिरिक्त केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) मुहैया करने की जरूरत से अवगत कराया।

राज्यपाल ने दिबांग घाटी जिला स्थित अलीनये में अत्याधुनिक हवाई पट्टी फिर से शुरू करने और पश्चिम कामेंग के दिरांग में एक अन्य का निर्माण किये जाने पर भी जोर दिया।

परनाइक ने नागर विमानन राज्य मंत्री जनरल वी.के. सिंह से भी मुलाकात की और राज्य में उड़ान सेवाओं को बेहतर करने के लिए नयी हवाई पट्टी का निर्माण किये जाने के विषय पर चर्चा की।

राज्यपाल ने रिची(दापोरिजो) और तारमोबा (आलो) में नयी हवाई पट्टी निर्मित करने के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को एक तकनीकी-आर्थिक व्यवहार्यता अध्ययन करने का निर्देश देने का भी अनुरोध किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)