एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर भोर घाट में मालगाड़ी पटरी से उतरी; यातायात दो घंटे प्रभावित हुआ

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर भोरघाट के मंकी हिल में शुक्रवार को एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई, जिसके चलते करीब दो घंटे तक रेलवे यातायात प्रभावित हुआ। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर भोर घाट में मालगाड़ी पटरी से उतरी; यातायात दो घंटे प्रभावित हुआ

मुंबई, 11 जुलाई मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर भोरघाट के मंकी हिल में शुक्रवार को एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई, जिसके चलते करीब दो घंटे तक रेलवे यातायात प्रभावित हुआ। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

मध्य रेलवे (सीआर) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया कि शाम करीब चार बजे हुई घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और बाद में मालगाड़ी को पटरी पर वापस लाया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘मालगाड़ी का ‘ब्रेक वैन’ (गार्ड का डिब्बा) पर्वतीय भोरघाट क्षेत्र के एक हॉल्ट स्टेशन, मंकी हिल के पास पटरी से उतर गया।’’

उन्होंने बताया कि ब्रेक वैन को एक घंटे से ज्यादा समय बाद शाम करीब 5.20 बजे पटरी पर वापस लाया गया और शाम छह बजे मार्ग पर यातायात फिर से शुरू हो गया।

मुंबई-पुणे रेल मार्ग के घाट खंड में, विशेष रूप से कर्जत और लोनावाला के बीच, तीन ट्रैक हैं। इन्हें अप (मुंबई की ओर), डाउन (मुंबई से बाहर जाने वाली) और मिडिल लाइन कहा जाता है।

नीला ने बताया कि मालगाड़ी राजस्थान के मीठापुर से सासवाड़ (पुणे जिले में) जा रही थी और ‘मिडिल लाइन’ पर चल रही थी।

उन्होंने बताया कि मालगाड़ी के पटरी से उतरने के कारण ‘डाउन’ और ‘मिडिल लाइन’ पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

उन्होंने बताया कि मिडिल लाइन पर चल रही दो ट्रेनों - सीएसएमटी-चेन्नई एक्सप्रेस और जोधपुर-हडपसर सुपरफास्ट एक्सप्रेस - को पटरी से उतरी मालगाड़ी के पीछे रोक दिया गया, बाद में इन ट्रेनों को दूसरी पटरियों पर भेजा गया।

मध्य रेलवे के मुंबई मंडल रेल प्रबंधक ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि पटरी से उतरने के कारण लंबी दूरी की छह ट्रेनों के समय में परिवर्तन किया गया है।

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि मुंबई में उपनगरीय ट्रेन सेवाएं अप्रभावित रहीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 11, 2025 08:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).