देश की खबरें | गोवा की अदालत ब्रिटिश महिला से बलात्कार और हत्या के मामले में शुक्रवार को सुनाएगी फैसला

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गोवा की एक अदालत आयरिश-ब्रिटिश नागरिक डेनियल मैकलॉगिन से बलात्कार और उसकी हत्या के मामले में शुक्रवार को फैसला सुनाएगी। 28 वर्षीय डेनियल का शव 2017 में कैनाकोना इलाके में मिला था।

पणजी, 13 फरवरी गोवा की एक अदालत आयरिश-ब्रिटिश नागरिक डेनियल मैकलॉगिन से बलात्कार और उसकी हत्या के मामले में शुक्रवार को फैसला सुनाएगी। 28 वर्षीय डेनियल का शव 2017 में कैनाकोना इलाके में मिला था।

अदालत बृहस्पतिवार को फैसला सुनाने वाली थी लेकिन उसने इसे शुक्रवार के लिए टाल दिया।

यह मामला मडगांव स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय की न्यायाधीश क्षमा जोशी के समक्ष सुनवाई के लिए आया। अदालत ने कहा कि सात साल पुराने इस मामले में फैसला शुक्रवार अपराह्न दो बजे सुनाया जाएगा।

स्थानीय निवासी विकट भगत (31) पर होली की पार्टी के बाद महिला से बलात्कार और हत्या का आरोप है। वह फिलहाल उत्तर गोवा की जेल में बंद है। मैकलॉगिन का शव 14 मार्च, 2017 को कैनाकोना गांव के एक वन क्षेत्र में खून से लथपथ और निर्वस्त्र मिला था।

भगत बृहस्पतिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सुनवाई में शामिल हुआ।

पीड़िता की मां एंड्रिया ब्रैनिगन मामले में फैसला सुनने के लिए गोवा आई हुई हैं।

उन्होंने कहा कि बुधवार को सुनवाई के दौरान आरोपी को ‘वीडियो कॉन्फ्रेंस’ के जरिए बताया गया कि फैसला बृहस्पतिवार को सुनाया जाएगा। आरोपी कोलवले के केंद्रीय कारागार में बंद है।

ब्रैनिगन के वकील विक्रम वर्मा ने कहा, ‘‘उसकी हत्या बहुत ही क्रूर तरीके से की गई। हमें उम्मीद है कि न्याय होगा।’’

उन्होंने कहा कि अभियोजन पक्ष ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत पेश किए।

वकील ने कहा कि चूंकि पीड़िता मर चुकी थी, इसलिए मामला परिस्थितिजन्य साक्ष्यों पर आधारित है।

आरोप पत्र के अनुसार, उत्तर पश्चिमी आयरलैंड के डोनेगल की रहने वाली महिला 2017 में गोवा घूमने आई थी, इस दौरान भगत ने उससे दोस्ती की और उसके साथ एक शाम बिताने के बाद उसकी हत्या कर दी।

आरोप पत्र में कहा गया है कि उसपर पत्थर से हमला किया गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\