देश की खबरें | गोगामेड़ी की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले गैंगस्टर ने गुरुग्राम के व्यवसायी से मांगी थी रंगदारी: पुलिस

गुरुग्राम, छह दिसंबर राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रमुख सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले गैंगस्टर रोहित गोदारा ने हाल ही में एक पूर्व स्थानीय पार्षद और व्यवसायी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

राकेश कुमार नामक व्यवसायी की शिकायत पर बिलासपुर पुलिस थाने में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े गैंगस्टर के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। हालांकि मामले में कोई प्रगति नहीं हुई।

गोगामेड़ी की हत्या के बाद, एक पेट्रोल पंप के मालिक व्यवसायी कुमार के परिवार में दहशत का माहौल है। उनका दावा है कि गोदारा ने एक महीने में उन्हें तीन बार फोन पर धमकी दी।

बिलासपुर खुर्द गांव के निवासी कुमार ने कहा कि उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन उन्हें केवल एक कांस्टेबल मुहैया कराया गया।

चौदह अक्टूबर को गोदारा ने सबसे पहले व्यवसायी को फोन किया और एक करोड़ रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। हालांकि, कुमार ने एक प्राथमिकी दर्ज करायी और पैसे नहीं दिए।

दूसरी कॉल 25 अक्टूबर को आयी जिसमें गैंगस्टर ने अपनी मांग दोहरायी। 10 नवंबर को, गोदारा ने कुमार को तीसरी कॉल की और कुमार से "अपनी अर्थी तैयार करने" के लिए कहा क्योंकि देरी के कारण वह अब पैसे नहीं चाहता था।

कुमार ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ''मेरे लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने धमकियां दी हैं और पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए कोई प्रयास नहीं कर रही है।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)