एजेंसी न्यूज

हंदवाड़ा में शहीद हुए मेजर अनुज सूद का अंतिम संस्कार

सूद, जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा में शनिवार रात आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद होने वाले पांच सुरक्षा कर्मियों में शामिल थे।

हंदवाड़ा में शहीद हुए मेजर अनुज सूद का अंतिम संस्कार
जमात

चंडीगढ़, पांच मई जम्मू कश्मीर में आतंकवाद रोधी अभियान में शहीद हुए मेजर अनुज सूद का मंगलवार को चंडीगढ़ में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

सूद, जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा में शनिवार रात आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद होने वाले पांच सुरक्षा कर्मियों में शामिल थे।

सूद का पार्थिव शरीर सोमवार दोपहर श्रीनगर से यहां लाया गया था।

"वंदे मातरम", "भारत माता" की जय" और "मेजर अनुज अमर रहे" के नारों के बीच उनके तिरंगे से लिपटे पार्थिव शरीर को यहां मनी माजरा में स्थित शमशान घाट ले जाया गया। पंचकूला में स्थित उनके घर से उनकी पार्थिव देह को सेना की गाड़ी में यहां लाया गया था।

अंतिम संस्कार से पहले, शहीद मेजर के पार्थिव शरीर पर सेना के सेवारत और सेवानिवृत्त अधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित की।

सेना के कई वरिष्ठ अधिकारी और मेजर सूद की पत्नी, पिता, बहन समेत परिवार के सदस्य दाह संस्कार के दौरान मौजूद थे। उनकी बहन हर्षिता भी सेना में अधिकारी हैं।

शहीद अधिकारी को बंदूकों से सलामी दी गई और उनके पिता ने मुखाग्नि दी।

मेजर सूद के पिता ब्रिगेडियर चंद्रकांत सूद (सेवानिवृत्त) ने पहले मीडिया से कहा था कि वह अपने बेटे की मौत की खबर सुनकर स्तब्ध रह गए लेकिन साथ ही उन्हें सूद के सर्वोच्च बलिदान पर गर्व है जो उन्होंने अपनी मातृभूमि के लिए दिया है।

उन्होंने पंचकूला में अपने घर पर कहा था " वह राष्ट्र का सच्चा बेटा था। "

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2020 12:47 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).