देश की खबरें | ओडिशा के उत्तरी जिलों में बाढ़ की स्थिति चिंताजनक
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तरी ओडिशा के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति सोमवार को चिंताजनक बन गई। सुबर्णरेखा नदी उफान पर है और इसका पानी निचले इलाकों में घुस गया। इस वजह से 100 से ज्यादा गांवों के सैकड़ों लोग फंस गए हैं।
भुवनेश्वर, 22 अगस्त उत्तरी ओडिशा के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति सोमवार को चिंताजनक बन गई। सुबर्णरेखा नदी उफान पर है और इसका पानी निचले इलाकों में घुस गया। इस वजह से 100 से ज्यादा गांवों के सैकड़ों लोग फंस गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में गहरे कम दबाव का क्षेत्र बनने के बाद भारी बारिश होने के कारण और झारखंड से बाढ़ का पानी छोड़े जाने के चलते उत्तर ओडिशा की सभी नदियां उफान पर हैं।
उन्होंने बताया कि बालासोर और मयूरभंज जिलों के अधिकारियों ने लोगों को संवेदनशील इलाकों से निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए रविवार को एक व्यापक अभियान शुरू किया जो सोमवार को भी जारी रहा।
अधिकारियों ने बताया कि सुबर्णरेखा नदी में रविवार शाम से जलस्तर काफी बढ़ गया जिससे कई निचले इलाकों में पानी भर गया है।
अधिकारियों ने आशंका जताई है कि झारखंड में गलुदिह बैराज से और पानी छोड़े जाने के बाद बाढ़ की स्थिति और खराब हो सकती है।
केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) की रिपोर्ट के मुताबिक, जिले के राजघाट पर सुबर्णरेखा का जलस्तर सुबह नौ बजे 11.90 मीटर पर था जबकि खतरे का स्तर 10.36 मीटर है।
अधिकारियों के मुताबिक, बालासोर जिला प्रशासन ने सोमवार दोपहर तक कम से कम 1.2 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का फैसला किया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने एक बुलेटिन में उत्तरी ओडिशा के जिलों में मंगलवार को भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने रविवार को विशेष राहत आयुक्त की शक्तियां बालासोर के कलेक्टर को दे दीं ताकि स्थानीय प्रशासन को और प्रभावी बनाया जा सके। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एक हेलीकॉप्टर भी तैनात किया गया है।
इस बीच, विशेष राहत आयुक्त पीके जेना ने खुर्दा, पुरी, कटक, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, नयागढ़, बालासोर, भद्रक, क्योंझर और बौद्ध जिलों के कलेक्टरों को पत्र लिखकर बाढ़ में फंसी महिलाओं को निशुल्क सैनेटरी नेपकिन वितरित करने को कहा है।
सरकार के अनुमान के मुताबिक, ओडिशा भारी बारिश के बाद पहले से ही महानदी नदी प्रणाली में मध्यम बाढ़ के प्रभाव से जूझ रहा है जिस कारण सात लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। करीब पांच लाख लोग अब भी 763 गांवों में फंसे हुए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 22, 2022 05:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

