देश की खबरें | दिल्ली की नव गठित विधानसभा का पहला सत्र सोमवार से ; सदन में पेश की जाएगी सीएजी रिपोर्ट

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली की आठवीं विधानसभा का पहला सत्र नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण के साथ सोमवार से शुरू होगा। वहीं, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता को सदन का अध्यक्ष चुने जाने के लिए प्रस्ताव पेश करेंगी।

नयी दिल्ली, 22 फरवरी दिल्ली की आठवीं विधानसभा का पहला सत्र नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण के साथ सोमवार से शुरू होगा। वहीं, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता को सदन का अध्यक्ष चुने जाने के लिए प्रस्ताव पेश करेंगी।

पार्टी नेताओं ने बताया कि सत्तारूढ़ भाजपा विधायकों की एक बैठक रविवार दोपहर पार्टी की दिल्ली इकाई के कार्यालय में होगी, जिसमें उन्हें सदन के संचालन और अन्य प्रक्रियाओं के बारे में दिशानिर्देश दिए जाएंगे।

तीन दिवसीय सत्र में सदन के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होगा और साथ ही पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के प्रदर्शन पर नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की 14 लंबित रिपोर्ट भी पेश की जाएंगी।

भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी ने वरिष्ठ विधायक विजेंद्र गुप्ता और मोहन सिंह बिष्ट को क्रमश: अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए नामित किया गया है।

विधानसभा की कार्यसूची के अनुसार 24 फरवरी को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, विजेंद्र गुप्ता को विधानसभा अध्यक्ष चुने जाने के लिए प्रस्ताव पेश करेंगी तथा मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा इसका अनुमोदन करेंगे।

विजेंद्र गुप्ता और बिष्ट दोनों का चुना जाना निश्चित माना जा रहा है क्योंकि 70 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 48 विधायक हैं। वहीं 22 विधायकों वाली ‘आप’ ने अभी तक नेता प्रतिपक्ष के नाम की घोषणा नहीं की है, हालांकि, इस पद के लिए पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी और पार्टी (आप) की दिल्ली इकाई के संयोजक गोपाल राय के नाम की चर्चा है।

सत्र के दूसरे दिन 25 फरवरी को उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना सदन में अभिभाषण देंगे और सीएजी की 14 रिपोर्ट पेश की जाएंगी। इसके बाद उपराज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी।

धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा तीसरे दिन 27 फरवरी को जारी रहेगी। उसी दिन उपाध्यक्ष का चुनाव होगा।

विधानसभा सचिवालय ने शुक्रवार को उपराज्यपाल के आदेश की अधिसूचना जारी की, जिसमें भाजपा विधायक अरविंदर सिंह लवली को ‘प्रोटेम स्पीकर’ (अस्थायी अध्यक्ष) नियुक्त किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\