एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | राजस्थान में छह जिलों में पहले चरण के पंचायत चुनाव बृहस्पतिवार को

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के छह जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए पहले चरण का मतदान बृहस्पतिवार को होगा। राज्य के निर्वाचन अधिकारी ने इसकी जानकारी दी ।

देश की खबरें | राजस्थान में छह जिलों में पहले चरण के पंचायत चुनाव बृहस्पतिवार को

जयपुर, 25 अगस्त राजस्थान के छह जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए पहले चरण का मतदान बृहस्पतिवार को होगा। राज्य के निर्वाचन अधिकारी ने इसकी जानकारी दी ।

राजस्थान के भरतपुर, दौसा, जयपुर, जोधपुर, सवाईमाधोपुर, और सिरोही जिलों में बृहस्पतिवार को 3599 मतदान केन्द्रों पर मतदान सुबह 7.30 बजे से 5.30 बजे तक होगा।

प्रदेश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त पी एस मेहरा ने बताया कि मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव के लिये पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किये गये हैं और मतदान के दौरान कोविड-19 संबंधी दिशा निर्देशों की पालना सुनिश्चित की जायेगी।

बृहस्पतिवार को होने वाले प्रथम चरण के चुनाव में 1721 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इन क्षेत्रों के 26.55 लाख मतदाता 3599 मतदान केन्द्रों पर अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।

चुनाव प्रक्रिया में सम्मिलित 6 जिलों में कुल 77 लाख 94 हजार 3 सौ मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से 41 लाख 23 हजार 30 पुरुष, 36 लाख 71 हजार 246 महिलाएं व 24 अन्य मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि कुछ सदस्यों के निर्विरोध चुनाव के बाद 199 जिला परिषद सदस्य, 1538 पंचायत समिति सदस्य, 6 जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख व 78 प्रधान, उप प्रधानों के लिए अब चुनाव होना है।

उल्लेखनीय है कि राज्य के भरतपुर, दौसा, जयपुर, जोधपुर, सवाईमाधोपुर व सिरोही जिले में प्रथम चरण के लिए 26 अगस्त (बृहस्पतिवार), दूसरे चरण के लिए 29 अगस्त (रविवार) और तीसरे चरण के लिए एक सितंबर (बुधवार) को मतदान करवाया जाएगा। मतगणना 4 सितंबर को जिला मुख्यालयों पर होगी।

एक जिला परिषद सदस्य और 26 पंचायत समिति के सदस्य पहले ही निर्विरोध चुन लिये गये हैं। प्रमुख, प्रधान का चुनाव 6 सितंबर (सोमवार) को जबकि उप प्रमुख, उप प्रधान का चुनाव 7 सितंबर (मंगलवार) को होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 25, 2021 06:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).