देश की खबरें | संयुक्त राष्ट्र के आतंकवाद विरोधी पैनल की पहली बैठक मुंबई के ताजपैलेस होटल में होगी

नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद आतंकवाद विरोधी समिति की 28 अक्टूबर से हो रही बैठक के पहले दिन की मेजबानी भारत मुंबई के ताज पैलेस होटल में करेगा।

गौरतलब है कि 14 साल पहले 26/11 को देश में हुए आतंकवादी हमले में मुंबई के ताज पैलेस होटल ने भयंकर त्रासदी झेली थी।

अधिकारियों ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र की शीर्ष समिति की बैठक 29 अक्टूबर को दिल्ली में होनी है।

पहले दिन के बैठक का आयोजन ताज पैलेस होटल में करने को आतंकवाद से निपटने के भारत के दृढ रवैये के रूप में देखा जा रहा है।

गौरतलब है कि 26 नवंबर, 2008 को 10 पाकिस्तानी आतंकवादियों का समूह भारत में घुस आया था और एक ही समय पर उन्होंने मुंबई में रेलवे स्टेशन, दो बड़े होटलों (ताज पैलेस और ट्राइडेंट होटल) और यहूदियों के एक केन्द्र पर हमला किया था। ये आतंकवादी कराची से अरब सागर के रास्ते मुंबई में घुसे थे।

मुंबई के 26/11 के हमले में करीब 60 घंटे लंबे घटनाक्रम में 160 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी और भारत-पाकिस्तान युद्ध की कगार पर पहुंच गए थे।

पैनल ने एक बयान में कहा, ‘‘संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आतंकवाद विरोधी समिति की विशेष बैठक 28 अक्टूबर को मुंबई में शुरू होगी और 29 अक्टूबर से नयी दिल्ली में जारी रहेगी। बैठक का विषय ‘आतंकवादियों के उद्देश्य से नयी और उभरती प्रौद्योगिकियों की काट निकालने का उपाय खोजना।’’

भारत वर्ष 2022 के लिए इस समिति का अध्यक्ष है और मुंबई तथा नयी दिल्ली में होने वाली इस विशेष बैठक के लिए वह संयुक्त राष्ट्र की 15 सदस्यीय समिति के राजनयिकों और अन्य सदस्यों की मेजबानी करेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)