देश की खबरें | प्रवेश परीक्षा सीयूईटी-यूजी का प्रथम संस्करण शुक्रवार से शुरू होगा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देश की दूसरी सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा साझा विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा-यूजी (सीयूईटी) के प्रथम संस्करण की शुरुआत शुक्रवार को भारत और विदेशों के 510 से अधिक शहरों में स्थित परीक्षा केंद्रों पर होगी।
नयी दिल्ली, 14 जुलाई देश की दूसरी सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा साझा विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा-यूजी (सीयूईटी) के प्रथम संस्करण की शुरुआत शुक्रवार को भारत और विदेशों के 510 से अधिक शहरों में स्थित परीक्षा केंद्रों पर होगी।
सीयूईटी के लिए लगभग 14.9 लाख छात्रों ने पंजीकरण कराया है। नीट-यूजी भारत में सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा है, जिसमें औसतन 18 लाख पंजीकरण होते हैं।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) परीक्षा के संबंध में की गई तैयारियों की जांच कर रही है।
यूजीसी के अध्यक्ष जगदीश कुमार ने कहा, ‘‘सीयूईटी (यूजी)-2022 परीक्षा में लगभग 14,90,000 अभ्यर्थी शामिल हैं, जिसमें पहले ‘स्लॉट’ में लगभग 8.1 लाख अभ्यर्थी और दूसरे में 6.80 लाख अभ्यर्थी हैं।’’
गौरतलब है कि परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहला चरण जुलाई में और दूसरा अगस्त में होगा। जिन अभ्यर्थियों ने भौतिकी, रसायन विज्ञान या जीव विज्ञान का विकल्प चुना है, उन्हें सीयूईटी परीक्षा के चरण दो के लिए निर्धारित किया गया है।
कुमार ने कहा, ‘‘परीक्षा 15 जुलाई से 20 अगस्त तक पूरे भारत में 500 से अधिक शहरों और विदेशों में 10 शहरों में स्थित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कुछ अभ्यर्थियों ने केंद्र बदलने का अनुरोध किया है। ऐसे अनुरोधों पर एनटीए द्वारा विचार किया जा रहा है और अभ्यर्थियों को इसके बारे में चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है।’’
‘स्कोर’ के प्रारूप के बारे में बताते हुए कुमार ने कहा कि यह एनटीए स्कोर होगा जो ‘पर्सेंटाइल’ प्रारूप में होगा।
कुमार ने मार्च में घोषणा की थी कि 45 केंद्रीय विश्वविद्यालयों में दाखिला लेने के लिये सीयूईटी के अंक जरूरी होंगे, 12वीं कक्षा के अंक नहीं। केंद्रीय विश्वविद्यालय न्यूनतम पात्रता अर्हता तय कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि राज्य बोर्ड के छात्रों को नयी व्यवस्था से कोई नुकसान नहीं होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)