नयी दिल्ली, 27 दिसंबर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के सुभाष नगर इलाके में एक बहुमंजिला पार्किंग में आग लगने की घटना में अगर कोई नुकसान हुआ है, तो उसके रखरखाव के लिये जिम्मेदार कंपनी को उसकी भरपाई करनी होगी।
सुभाष नगर पार्किंग में 23 वर्षीय एक युवक ने वहां खड़े वाहनों में से एक में आग लगा दी थी। उस घटना में 20 कार जलकर खाक हो गई थीं।
एमसीडी के एक अधिकारी ने कहा कि ठेकेदार इमारत की सुरक्षा की देखरेख के लिए जिम्मेदार है।
एमसीडी के एक अधिकारी ने कहा, “हम मामले की जांच कर रहे हैं। यह एक साधारण मामला नहीं होगा, क्योंकि यह आगजनी का मामला है। ठेकेदार इमारत की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार है। इसलिए यदि किसी मुआवजे का भुगतान किया जाना है, तो इसे ठेकेदार को वहन करना होगा।”
एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि एजेंसी आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस की प्रारंभिक जांच पूरी होने का इंतजार कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज की मदद से पार्किंग में आग लगाने वाले आरोपी की पहचान सुभाष नगर निवासी यश अरोड़ा के रूप में की गई थी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY