देश की खबरें | 'द साबरमती रिपोर्ट' फिल्म से छिपाई गई सच्चाई उजागर हुई : हेमा मालिनी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मथुरा लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद एवं फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी ने 'द साबरमती रिपोर्ट' को 'शानदार फिल्म' बताते हुए कहा कि इसके प्रदर्शन से जो सच्चाई हम सभी से छिपाई गई थी, वह उजागर हुई है।
मथुरा, दो दिसंबर उत्तर प्रदेश के मथुरा लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद एवं फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी ने 'द साबरमती रिपोर्ट' को 'शानदार फिल्म' बताते हुए कहा कि इसके प्रदर्शन से जो सच्चाई हम सभी से छिपाई गई थी, वह उजागर हुई है।
उन्होंने कहा कि इस फिल्म के आने के बाद कई गलतफहमियां दूर हुई हैं।
एकता कपूर द्वारा निर्मित एवं धीरज सरना द्वारा निर्देशित 'द साबरमती रिपोर्ट' 15 नवंबर को रिलीज हुई थी। यह वर्ष 2002 के गोधरा कांड पर आधारित फिल्म है।
संसद के शीतकालीन सत्र में भाग लेने के बाद हेमा मालिनी अचानक रविवार को मथुरा पहुंचीं और रूपम सिनेमा हॉल में 'द साबरमती रिपोर्ट' फिल्म देखी।
फिल्म देखने के बाद उन्होंने अपनी पहली प्रतिक्रिया में कहा, ''यह बहुत अच्छी फिल्म है। इसमें दिखाया गया है कि वास्तव में क्या हुआ था।''
भाजपा सांसद ने कहा, ''लोगों को अब तक इस घटना (गोधरा कांड) के बारे में बहुत ही गलतफहमियां थीं, कहा जा रहा था कि यह एक दुर्घटना थी। लेकिन, इस फिल्म से मालूम पड़ता है कि ऐसा नहीं था। हम सब जानते हैं कि कई वर्षों से इस सच्चाई को छिपाकर रखा गया था। फिल्म ने सब उजागर कर दिया है।''
उन्होंने फिल्म निर्माता एकता कपूर के प्रयास एवं कलाकार विक्रांत मैसी के अभिनय की तारीफ भी की।
हेमा ने बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों के संबंध में कहा, ''जो हो रहा है वह अच्छा नहीं है। ऐसा नहीं होना चाहिए। हमने सरकार से इस बारे में कहा है। प्रधानमंत्री से भी इस पर बात की है। सरकार भी इस पर काम कर रही है।''
अभिनेत्री ने आश्चर्य प्रकट करते हुए कहा कि ताज्जुब है कि इतने वर्षों से सभी (हिन्दू-मुसलमान) मिलजुल कर रह रहे थे। अब अचानक ऐसा क्या हो गया कि सब कुछ बदल गया। हर बार हिन्दुओं को ही निशाना बनाया जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 02, 2024 07:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

