जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में गिरावट थमी, सेंसेक्स 659 अंक चढ़ा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. घरेलू शेयर बाजारों में दो दिनों से जारी गिरावट का सिलसिला बृहस्पतिवार को थम गया और बीएसई सेंसेक्स 659.31 अंक के उछाल के साथ बंद हुआ।
मुंबई, आठ सितंबर घरेलू शेयर बाजारों में दो दिनों से जारी गिरावट का सिलसिला बृहस्पतिवार को थम गया और बीएसई सेंसेक्स 659.31 अंक के उछाल के साथ बंद हुआ।
वैश्विक बाजारों में मजबूती और बैंक, सूचना प्रौद्योगिकी तथा वाहन कंपनियों के शेयरों में लिवाली से बाजार में तेजी आई।
तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 659.31 अंक यानी 1.12 प्रतिशत की मजबूती के साथ 59,688.22 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह एक समय 683.05 अंक तक चढ़ गया था।
इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 174.35 अंक यानी 0.99 प्रतिशत की बढ़त के साथ 17,798.75 अंक पर बंद हुआ।
विश्लेषकों ने कहा कि विदेशी संस्थागत निवेशकों द्वारा निवेश और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी ने निवेशकों की धारणा को मजबूत किया।
सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा के शेयर में सबसे अधिक 3.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व, इंडसइंड बैंक और एशियन पेंट्स प्रमुख रूप से लाभ में रहे।
दूसरी तरफ टाटा स्टील, एनटीपीसी, टाइटन, नेस्ले और पावर ग्रिड के शेयर गिरावट लेकर बंद हुए।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और बढ़ती मुद्रास्फीति को लेकर निवेशकों की चिंता कम होने से वैश्विक बाजारों के साथ-साथ घरेलू बाजार में भी मजबूती आई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ऊंचे मूल्यांकन के बावजूद विदेशी संस्थागत निवेश भारतीय बाजार में निवेश कर रहे हैं जिससे बाजार मजबूत बना हुआ है।’’
इसके अलावा व्यापक बाजार में बीएसई स्मॉलकैप में 0.60 प्रतिशत और मिडकैप सूचकांक में 0.29 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की मजबूती में रहे, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग और चीन का शंघाई कंपोजिट गिरावट के साथ बंद हुआ।
यूरोप के प्रमुख बाजार शुरुआती कारोबार में मिलेजुले रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.49 प्रतिशत गिरकर 87.57 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने बुधवार को शुद्ध रूप से 758.37 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 08, 2022 05:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

