देश की खबरें | अदालत ने पूर्व प्रोफेसर साईबाबा की पैरोल की अर्जी ठुकराई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बम्बई उच्च न्यायालय की नागपुर पीठ ने दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर जी एन साईबाबा को दिवंगत मां के अंतिम संस्कार के बाद की रस्मों में शामिल होने के लिए आपात पैरोल देने से मंगलवार को इनकार कर दिया।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नागपुर, 18 अगस्त बम्बई उच्च न्यायालय की नागपुर पीठ ने दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर जी एन साईबाबा को दिवंगत मां के अंतिम संस्कार के बाद की रस्मों में शामिल होने के लिए आपात पैरोल देने से मंगलवार को इनकार कर दिया।

न्यायमूर्ति जेड ए हक और न्यायमूर्ति ए जी घरोटे ने हालांकि नागपुर जेल के प्राधिकारियों को निर्देश दिया कि वे किसी दिन साईबाबा को उनके परिवार के सदस्यों के साथ वीडियो कान्फ्रेंस के जरिये बात कराने का इंतजाम करें।

यह भी पढ़े | Facebook Row: फेसबुक को लेकर जारी बयानबाजी में कूदे केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने याद दिलाया सोनिया-राहुल गांधी का बयान.

माओवादियों के साथ संबंध को लेकर महाराष्ट्र के नागपुर केंद्रीय कारागार में आजीवन कारावास काट रहे साईबाबा ने अपनी मां के अंतिम संस्कार के बाद की रस्मों में शामिल होने के लिए हैदराबाद जाने के वास्ते पैरोल मांगी थी। साईबाबा की 74 वर्षीय मां की गत एक अगस्त को मृत्यु हो गई थी।

अदालत ने आपात पैरोल की याचिका खारिज करते हुए कहा कि कोविड-19 महामारी के बीच साईबाबा को नागपुर से हैदराबाद ले जाने के लिए सुरक्षाकर्मियों की व्यवस्था करना मुश्किल होगा।

यह भी पढ़े | Congress Writes to Mark Zuckerberg: कांग्रेस ने फेसबुक के CEO मार्क जुकरबर्ग को लिखा पत्र, हाई लेवल जांच की मांग की.

सरकार की ओर से पेश विशेष लोक अभियोजक पी के सतियानाथन ने साईबाबा की याचिका का विरोध किया और तर्क दिया कि अंतिम संस्कार के बाद की अधिकतर रस्में पूरी हो गई हैं।

साईबाबा ने पिछले महीने भी अपनी बीमार मां से मिलने के लिए पैरोल मांगी थी, जिसे जेल अधिकारियों ने खारिज कर दिया था। साईबाबा 90 प्रतिशत शारीरिक अक्षमताओं के कारण व्हीलचेयर पर है।

मार्च 2017 में, महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले की एक सत्र अदालत ने साईबाबा और चार अन्य व्यक्तियों को माओवादियों से संबंध रखने और देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने की गतिविधियों में लिप्त होने का दोषी ठहराया था। इनमें एक पत्रकार और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) का एक छात्र भी शामिल था।

अदालत ने साईबाबा और अन्य को गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) और भारतीय दंड संहिता के विभिन्न प्रावधानों के तहत दोषी ठहराया था। दोषी ठहराया जाने के बाद साईबाबा को नागपुर केंद्रीय जेल में रखा गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\