कॉलेजियम ने उच्च न्यायालयों के अतिरिक्त न्यायाधीशों को स्थायी न्यायाधीश बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी
उच्चतम न्यायालय की कॉलेजियम ने बंबई उच्च न्यायालय के तीन अतिरिक्त न्यायाधीशों की स्थायी न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है.
नयी दिल्ली, 16 दिसंबर : उच्चतम न्यायालय की कॉलेजियम ने बंबई उच्च न्यायालय के तीन अतिरिक्त न्यायाधीशों की स्थायी न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. प्रधान न्यायाधीश एन वी रमण की अध्यक्षता वाले कॉलेजियम ने 14 दिसंबर की बैठक में इस बाबत निर्णय लिया और प्रस्ताव बृहस्पतिवार को शीर्ष अदालत की वेबसाइट पर डाला गया.
बंबई उच्च न्यायालय के इन तीन अतिरिक्त न्यायाधीशों में न्यायमूर्ति माधव जयाजीराव जामदार, न्यायमूर्ति अमित भालचंद्र बोरकर और न्यायमूर्ति श्रीकांत दत्तात्रेय कुलकर्णी हैं. कॉलेजियम ने यह सिफारिश करने का प्रस्ताव भी रखा कि न्यायमूर्ति अभय आहूजा को चार मार्च, 2022 के प्रभाव से एक साल के नये कार्यकाल के लिए बंबई उच्च न्यायालय का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया जाए. यह भी पढ़ें : देश की खबरें | न्यायालय ने संपत्ति विवाद सुलझाने के लिए ललित मोदी और उनकी मां के लिए दो पूर्व न्यायाधीशों को मध्यस्थ नियुक्त किया
कॉलेजियम ने एक अन्य फैसले में कलकत्ता उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति अनिरुद्ध रॉय को उच्च न्यायालय के स्थायी न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करने के प्रस्ताव को भी स्वीकार कर लिया. उच्च न्यायालयों के न्यायाधीशों के संबंध में निर्णय लेने वाले तीन सदस्यीय कॉलेजियम में न्यायमूर्ति रमण के अलावा न्यायमूर्ति यू यू ललित और न्यायमूर्ति ए एम खानविलकर शामिल हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 16, 2021 01:39 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

