एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | त्रिपुरा के मुख्यमंत्री ने 51 शक्तिपीठों की प्रतिकृति स्थापित करने की आधारशिला रखी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने रविवार को गोमती जिले के बंडोवर में 51 शक्तिपीठों की प्रतिकृति स्थापित करने की आधारशिला रखी, जिसका उद्देश्य इस राज्य में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है।

देश की खबरें | त्रिपुरा के मुख्यमंत्री ने 51 शक्तिपीठों की प्रतिकृति स्थापित करने की आधारशिला रखी

अगरतला, 13 जुलाई त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने रविवार को गोमती जिले के बंडोवर में 51 शक्तिपीठों की प्रतिकृति स्थापित करने की आधारशिला रखी, जिसका उद्देश्य इस राज्य में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है।

साहा ने एक कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के एक सम्मेलन में दुनियाभर से पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए वैश्विक स्तर के पर्यटन स्थल विकसित करने पर जोर दिया था।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री की इच्छा के अनुरूप, हम दुनियाभर से लाखों पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए बंडोवर में 51 शक्तिपीठों की प्रतिकृति स्थापित करने जा रहे हैं।’’

साहा ने कहा कि पर्यटन मंत्रालय ने बंडोवर में विश्वस्तरीय आध्यात्मिक स्थल विकसित करने के लिए 98 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।

उन्होंने कहा कि योजना के अनुसार, 15 एकड़ भूमि पर फैले इस स्थल पर 51 शक्तिपीठों की मूर्तियां स्थापित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई की कि 51 शक्तिपीठों की प्रस्तावित प्रतिकृति देश में एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक स्थल होगी। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति भारतीय उपमहाद्वीप - नेपाल, श्रीलंका, पाकिस्तान और बांग्लादेश - में फैले सभी शक्तिपीठों की यात्रा नहीं कर सकता।

साहा ने कहा कि प्रधानमंत्री को 51 शक्तिपीठों की प्राण-प्रतिष्ठा के लिए आमंत्रित किया जाएगा, जो अगले डेढ़ साल में बनकर तैयार हो जाएंगे।

राज्य के सकल घरेलू उत्पाद को बढ़ाने में पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 51 शक्तिपीठों की प्रस्तावित प्रतिकृति न केवल आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि त्रिपुरा के विकास इंजन को भी मजबूत करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पर्यटकों को सुरक्षा प्रदान करेगी तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में राज्य पुलिस की सहायता के लिए 6,000 से अधिक विशेष अधिकारियों की नियुक्ति करने की तैयारी में है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 13, 2025 08:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).