देश की खबरें | नगालैंड के मुख्यमंत्री को उम्मीद, मोदी के नेतृत्व में नगा समस्या का होगा समाधान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नगालैंड के मुख्यमंत्री निफियू रियो ने शुक्रवार को विश्वास जताया कि इस समय चल रही नगा शांति वार्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अपने ‘अर्थपूर्ण मुकाम’ पर पहुंचेगी।

चुमुकेदिमा (नगालैंड), 24 फरवरी नगालैंड के मुख्यमंत्री निफियू रियो ने शुक्रवार को विश्वास जताया कि इस समय चल रही नगा शांति वार्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अपने ‘अर्थपूर्ण मुकाम’ पर पहुंचेगी।

चुमुकेदिमा में प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति में गठबंधन की दोनों पार्टियों के उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए रियो ने कहा कि दशकों पुरानी नगा राजनीतिक समस्या का समाधान नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी)- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के शीर्ष एजेंडे में है।

रियो ने नगा शांति वार्ता के समाधान के लिए केंद्र और नगा राजनीतिक समूहों का भी पूरी तरह से समर्थन किया।

नगा की विशेषता को मान्यता देने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी के अंतर्गत नगा लोग उनके और देश के अन्य हिस्सों के बीच बेहतर समझ की गवाह बने हैं, जिससे वे सफल राजनीतिक संवाद के करीब आए हैं।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के अंतर्गत नगालैंड ने मसौदा समझौता पर हस्ताक्षर को देखा और राज्य के चुनिंदा इलाकों से सशस्त्र बल विशेष अधिकार अधिनियम (आफस्पा) को हटाने पर सहमति बनी।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि नजदीकी भविष्य में केंद्र और नगा राजनीतिक समूहों के बीच जारी राजनीतिक संवाद अर्थपूर्ण मुकाम पर पहुंचेगा। हम सभी उम्मीद कर रहे हैं कि अंतिम समझौता सम्मानजनक, समावेशी और स्वीकार्य होगा...हम इस सामूहिक आकांक्षा की पूर्ति के लिए आपके(मोदी) मार्गदर्शन और नेतृत्व की ओर से देख रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि नगालैंड के युवा जोश से लबरेज हैं, सक्षम और नवोन्मेषी हैं और अवसर देने पर वे भारत के विकास में बड़ा योगदान देंगे; राज्य को केंद्र की सहायता की जरूरत है क्योंकि अन्य की तरह यह स्वयं खडा नहीं रह सकता। इस संदर्भ में रियो ने मोदी से अनुरोध किया कि वह राज्य की विभिन्न परियोजनाओं को लागू करने में सकारात्मक होकर विचार करें।

रियो ने कहा, ‘‘ हम प्रधानमंत्री द्वारा समर्थित विकास और प्रगतिशील नीतियों के साथ आए हैं। इसलिए नगालैंड के सभी मतदाताओं से अपील करते हैं कि वे न्याय के भाव के साथ विचार करें और भाजपा और एनडीपीपी के प्रत्याशियों के समर्थन में 27 फरवरी को मतदान करें।’’

गौरतलब है कि नगालैंड विधानसभा चुनाव के लिए एनडीपीपी और भाजपा ने चुनाव पूर्व गठबंधन किया है।

नगालैंड के उप मुख्यमंत्री और राज्य के भाजपा नेता यांथुंगो पट्टोन ने मोदी कर प्रशंसा करते हुए कहा कि वह एक मात्र प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने गत नौ साल में 57 बार पूर्वोत्तर का दौरा किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह 10 साल तक पद पर रहने के बावजूद एक बार भी नगालैंड के दौरे पर नहीं आए।

पट्टोन ने दावा किया, ‘‘ एनडीपीपी-भाजपा विधानसभा चुनाव में 40 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगी और नगालैंड में अगली सरकार बनाने के लिए उसे किसी अन्य दल की मदद की जरूरत नहीं होगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\