देश की खबरें | केरल के मुख्यमंत्री ने बजट को ‘‘रचनात्मक’’ बताया, विपक्ष ने इसे ‘‘खोखला’’ कहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने शुक्रवार को राज्य के वित्त मंत्री के. एन. बालगोपाल द्वारा पेश किए गए बजट की सराहना करते हुए इसे केरल के विकास के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने वाला ‘‘रचनात्मक’’ बजट बताया, जबकि कांग्रेस नीत विपक्ष ने इसे ‘‘खोखला’’ करार दिया।
तिरुवनंतपुरम, सात फरवरी केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने शुक्रवार को राज्य के वित्त मंत्री के. एन. बालगोपाल द्वारा पेश किए गए बजट की सराहना करते हुए इसे केरल के विकास के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने वाला ‘‘रचनात्मक’’ बजट बताया, जबकि कांग्रेस नीत विपक्ष ने इसे ‘‘खोखला’’ करार दिया।
विजयन ने एक बयान में कहा, ‘‘केंद्र सरकार द्वारा वित्तीय बाधाओं और आर्थिक भेदभाव किए जाने के बावजूद, 2025-26 के बजट में केरल के विकास और लोगों के कल्याण के लिए एक दृष्टिकोण अपनाया गया है। बजट अल्पकालिक राहत और दीर्घकालिक विकास पर केंद्रित है।’’
उन्होंने कहा कि आम लोगों के जीवन पर बोझ डाले बिना संसाधन जुटाए गए हैं तथा राजस्व सृजन के लिए नए रास्ते तलाशे गए हैं।
विजयन ने कहा कि केंद्र द्वारा केरल को उसका उचित हिस्सा नहीं दिए जाने के कारण उत्पन्न वित्तीय चुनौतियों के बावजूद यह बजट जनकल्याण और विकास दोनों के लिए प्रतिबद्ध है।
विज्ञप्ति में कहा गया कि बजट का उद्देश्य राष्ट्रीय परिदृश्य में बढ़ती कीमतों के प्रभाव से आम उपभोक्ताओं की रक्षा करना है और ‘‘नव केरलम’’ (नया केरल) के सृजन, ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ाने, बुनियादी ढांचे का विस्तार करने, युवा पीढ़ी के भविष्य को सुरक्षित करने तथा लोगों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाने पर ध्यान केंद्रित करना है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य का बजट रचनात्मक है जो केरल के विकास दृष्टिकोण को नयी गति प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री के अनुसार, बजट में प्रमुख घोषणाओं में शैक्षणिक संस्थानों को उच्च मानकों तक अद्यतन करने और सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की दक्षता बढ़ाने के उपाय शामिल हैं।
विधानसभा में विपक्ष के नेता वी. डी. सतीशन ने आरोप लगाया कि वित्त वर्ष 2025-26 के लिए वाम सरकार के बजट में केरल की वित्तीय स्थिति का कोई उल्लेख नहीं है और यह केवल ‘‘खोखले’’ शब्दों से भरा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)