देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ने आतंकी हमले के संभावित परिणामों पर चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई

श्रीनगर, 23 अप्रैल जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले के संभावित परिणामों पर चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई है।

इस हमले में 26 लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए।

अब्दुल्ला ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पहलगाम में हमले के बाद मैंने कल दोपहर एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है। मैंने सभी प्रमुख राजनीतिक दलों, जम्मू-कश्मीर के सभी माननीय सांसदों और जम्मू-कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता को निमंत्रण भेजा है।’’

यह बैठक बृहस्पतिवार को अपराह्न तीन बजे शेर-ए-कश्मीर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में आयोजित की जाएगी।

अब्दुल्ला ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुखों को भेजे पत्र में लिखा, ‘‘मंगलवार को पहलगाम में हुए घातक हमले के बाद मैं आपको भारी मन से यह पत्र लिख रहा हूं। मारे गए लोगों की जान और निर्दोष नागरिकों पर हुए अत्याचार ने हम सभी को झकझोर कर रख दिया है। यह केवल एक क्षेत्र या पार्टी के लिए त्रासदी नहीं है- यह जम्मू-कश्मीर की आत्मा पर एक घाव है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों के प्रतिनिधि और ‘‘लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षक’’ के रूप में राजनीतिक नेताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है कि वे राजनीतिक संबद्धता से परे एक साथ आएं और जवाब में एकजुट रहें।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)