शिमला, 21 मई हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से तुर्किये से सेब आयात को हतोत्साहित करने और स्थानीय किसानों के हितों की रक्षा के लिए सेब पर सीमा शुल्क 50 से बढ़ाकर 100 प्रतिशत करने का आग्रह किया है।
प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देश का ‘सेब का कटोरा’ कहा जाता है और यह स्वादिष्ट किस्म के सेबों के उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने आग्रह किया कि आयातित सेबों पर मात्रात्मक प्रतिबंध लगाए जाने चाहिए।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार सुक्खू ने प्रधानमंत्री को लिखा कि सेब हिमाचल प्रदेश की प्रमुख नकदी फसल है, जिससे सालाना करीब 4,500 करोड़ रुपये की आय होती है।
उन्होंने बताया कि सेब की फसल से करीब 10 लाख मानव दिवस सृजित होते हैं, जिससे 2.50 लाख से अधिक परिवारों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के वर्षों में तुर्कीये से सेब भारतीय बाजारों में आ रहे हैं, जिसने भारतीय सेब उत्पादकों के लिए बड़ा खतरा पैदा कर दिया है।
सुक्खू ने कहा कि वह प्रधानमंत्री से उनकी आगामी दिल्ली यात्रा के दौरान व्यक्तिगत रूप से तुर्कीये से सेब पर आयात शुल्क बढ़ाने का अनुरोध करेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY