खेल की खबरें | आंध्र प्रदेश और केरल के मुख्यमंत्री ने दी भारतीय अंडर-19 महिला टीम को बधाई

अमरावती, दो फरवरी आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने रविवार को भारतीय महिला अंडर 19 क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप जीतने पर बधाई दी।

नायडू ने ‘एक्स’ पर कहा कि पूरे देश को टीम पर गर्व है और इसने अनगिनत युवा लड़कियों को प्रेरित किया है।

उन्होंने लिखा, ‘‘टी20 विश्व कप जीतने के लिए भारतीय महिला अंडर-19 टीम को बधाई! अपनी कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और धैर्य के साथ, आपने दक्षिण अफ्रीका पर नौ विकेट की शानदार जीत हासिल की, जिससे हर भारतीय को गर्व हुआ। आपने सिर्फ देश को गौरवान्वित ही नहीं किया है बल्कि आपने अनगिनत युवा लड़कियों को भी प्रेरित किया है! पूरे देश को आप पर गर्व है। ’’

भारत ने रविवार को कुआलालंपुर में महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को नौ विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब जीता।

वहीं केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भी टीम को बधाई दी और भविष्य में भी उनकी सफलता की कामना की।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में केरल की खिलाड़ी वी जे जोशीथा के योगदान का भी जिक्र किया।

उन्होंने कहा, ‘‘टी-20 अंडर-19 विश्व कप जीतने के लिए भारतीय अंडर-19 महिला टीम को हार्दिक बधाई! दक्षिण अफ्रीका पर शानदार जीत ने हमें लगातार दूसरा खिताब दिलाया। केरल के लिए यह गौरव का क्षण है क्योंकि मलयाली खिलाड़ी वी जे जोशीथा ने इस शानदार जीत में योगदान दिया। निरंतर सफलता की कामना करता हूं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)