नयी दिल्ली, 10 सितंबर जी20 समूह के पिछले अध्यक्ष इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विदोदो और अगले वर्ष के अध्यक्ष ब्राजील के राष्ट्रपति लुइस इनासियो लुला डी सिल्वा ने समूह के वर्तमान अध्यक्ष प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को रविवार को एक-एक पौधा सौंपा।
जी20 शिखर सम्मेलन में ‘एक भविष्य’ विषय पर तीसरे सत्र की शुरूआत में सांकेतिक समारोह का आयोजन किया गया।
इसमें पहले विदोदो ने मोदी को पौधा भेंट किया और इसके बाद लुला डी सिल्वा ने एक पौधा सौंपा। इस दौरान, अन्य नेताओं ने तालियां बजाकर इसका स्वागत किया।
जी20 समूह के नेताओं की शिखर बैठक आज दोपहर बाद समाप्त होगी और भारत इस समूह की अध्यक्षता ब्राजील को सौंपेगा।
जी20 शिखर सम्मेलन में रूस-यूक्रेन युद्ध पर प्रमुख मतभेदों को दूर करते हुए शनिवार को सदस्यों देशों ने ‘नयी दिल्ली लीडर्स समिट डिक्लेरेशन’ को अपनाया, जो भारत के लिए एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक कामयाबी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘‘वैश्विक विश्वास की कमी’’ को समाप्त करने का आह्वान किया।
इस मौके पर मोदी ने यह भी घोषणा की कि अफ्रीकी संघ को जी20 के स्थायी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY