देश की खबरें | केंद्र सरकार 2 से 31 अक्टूबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाएगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्र सरकार अपने सभी विभागों में 2 से 31 अक्टूबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाएगी। सरकार की एक विज्ञप्ति में मंगलवार को यह जानकारी दी गयी।

नयी दिल्ली, पांच सितंबर केंद्र सरकार अपने सभी विभागों में 2 से 31 अक्टूबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाएगी। सरकार की एक विज्ञप्ति में मंगलवार को यह जानकारी दी गयी।

केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को इस विशेष अभियान की तैयारियों की समीक्षा की।

कार्मिक मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, ‘‘कैबिनेट सचिव ने भारत सरकार के सभी सचिवों को पत्र लिखकर अभियान की सफलता के लिए उनकी व्यक्तिगत सहभागिता की इच्‍छा व्‍यक्‍त की है। प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) देशभर में अभियान के समन्वय और संचालन के लिए नोडल विभाग होगा और विशेष अभियान 3.0 के कार्यान्वयन की निगरानी करेगा।’’

इसमें कहा गया है कि सरकार इसी विषय वस्‍तु पर 2021 और 2022 में आयोजित विशेष अभियानों की तर्ज पर 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक स्वच्छता में सुधार और लंबित संदर्भों के निपटान के लिए विशेष अभियान 3.0 आयोजित करेगी।

बयान के अनुसार विशेष अभियान 3.0 सेवा वितरण या जन सुविधाओं के लिए उत्‍तरदायी स्थलीय/बाहरी कार्यालयों पर ध्यान केंद्रित करेगा।

विज्ञप्ति में कहा गया कि 2022 में आयोजित विशेष अभियान 2.0 देश भर में एक लाख से अधिक सरकारी कार्यालयों में चलाया गया था। इन कार्यालयों ने सामूहिक रूप से लगभग 89.8 लाख वर्ग फुट जगह में सफाई की।

इसमें बताया गया कि कबाड़ निपटान से 370.83 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित हुआ, 64.92 लाख फाइलों की समीक्षा की गई, 4.56 लाख लोक शिकायतों का निवारण किया गया और 8,998 सांसदों के संदर्भों का उत्तर दिया गया।

विशेष अभियान 3.0 के संचालन के लिए डीएआरपीजी द्वारा दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं। विशेष अभियान 3.0 दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। एक चरण तैयारी का (15 सितंबर से 30 सितंबर)

और दूसरा चरण कार्यान्वयन का (2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर) का होगा।

बयान में कहा गया है कि कैबिनेट सचिवालय और प्रधानमंत्री कार्यालय को प्रस्तुत करने के लिए अभियान की प्रगति पर डीएआरपीजी द्वारा एक साप्ताहिक समेकित रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने विशेष अभियान 2021 और 2022 के तहत साल दर साल हुई प्रगति की सराहना की, जिससे स्वच्छता को संस्थागत बनाया गया और सरकार में लंबित मामलों में कमी आई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now