देश की खबरें | कार ने फुटपाथ पर सो रहे तीन लोगों को कुचला, एक की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कोटा में तेज रफ्तार एक कार ने यहां एमबीएस अस्पताल के बाहर फुटपाथ पर सो रहे एक परिवार के तीन सदस्यों को टक्कर मार दी जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
कोटा, 15 अप्रैल कोटा में तेज रफ्तार एक कार ने यहां एमबीएस अस्पताल के बाहर फुटपाथ पर सो रहे एक परिवार के तीन सदस्यों को टक्कर मार दी जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) कालूराम वर्मा ने बताया कि सब्जी विक्रेता दिनेश बावरिया (45) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनकी पत्नी और उनके सात वर्षीय बेटे का इलाज चल रहा है।
पुलिस अधीक्षक (कोटा शहर) केसर सिंह शेखावत ने बताया कि शहर के वल्लभ नगर इलाके का निवासी महेंद्र अरोड़ा कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया था लेकिन बाद में अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने कहा कि आरोपी एक व्यवसायी है और वह दो रिश्तेदारों को छोड़ने रेलवे स्टेशन जा रहा था। पुलिस ने कहा कि अरोड़ा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है और मामले में आगे जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित परिवार अस्पताल के बाहर फुटपाथ पर एक अस्थायी आवास में रहता था।
वर्मा ने बताया कि टक्कर मारकर भाग जाने (हिट एंड रन) की यह घटना बृहस्पतिवार को देर रात करीब एक बजे हुई।
इलाके के लोगों ने चालक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए अस्पताल के बाहर धरना दिया और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद इसे समाप्त किया गया।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया तथा इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)