जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में तेजी का दौर जारी, सेंसेक्स 612 अंक चढ़ा, निफ्टी 25,000 अंक के पार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अमेरिकी फेडरल रिजर्व की तरफ से ब्याज दरों में कटौती का सिलसिला जल्द शुरू होने की उम्मीदों के बीच सोमवार को स्थानीय शेयर बाजारों में खासी तेजी दर्ज की गई। मानक सूचकांक सेंसेक्स 612 अंक उछल गया, जबकि निफ्टी 25,000 अंक के ऊपर बंद हुआ।
मुंबई, 26 अगस्त अमेरिकी फेडरल रिजर्व की तरफ से ब्याज दरों में कटौती का सिलसिला जल्द शुरू होने की उम्मीदों के बीच सोमवार को स्थानीय शेयर बाजारों में खासी तेजी दर्ज की गई। मानक सूचकांक सेंसेक्स 612 अंक उछल गया, जबकि निफ्टी 25,000 अंक के ऊपर बंद हुआ।
कारोबारियों ने कहा कि विदेशी पूंजी के प्रवाह और एचडीएफसी बैंक एवं रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे प्रमुख शेयरों में खरीदारी से भी बाजार में तेजी आई।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 611.90 अंक यानी 0.75 प्रतिशत उछलकर 81,698.11 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 738.06 अंक बढ़कर 81,824.27 अंक पर पहुंच गया था। सेंसेक्स में तेजी का यह लगातार पांचवां सत्र रहा।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी 187.45 अंक यानी 0.76 प्रतिशत बढ़कर 25,010.60 अंक पर पहुंच गया। निफ्टी लगातार आठवें सत्र में बढ़त पर रहा।
सेंसेक्स की कंपनियों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एनटीपीसी, बजाज फिनसर्व, टेक महिंद्रा, जेएसडब्ल्यू स्टील, टाइटन, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील, लार्सन एंड टुब्रो और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।
दूसरी तरफ कोटक महिंद्रा बैंक, इंडसइंड बैंक, मारुति सुजुकी और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में गिरावट रही।
व्यापक बाजार में बीएसई मिडकैप सूचकांक 0.66 प्रतिशत उछल गया जबकि स्मॉलकैप में 0.20 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘फेडरल रिजर्व ने सितंबर में ब्याज दर में कटौती के संकेत दिए हैं। इससे अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल और डॉलर सूचकांक में कमजोरी आई और वैश्विक बाजारों में तेजी का माहौल रहा।’’
नायर ने कहा कि भारतीय बाजार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के रुख में बदलाव से नई ऊंचाई की तरफ बढ़ते दिखे। खासतौर पर बड़ी कंपनियों के शेयरों को लेकर उत्साह दिखा।
अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पावेल के शुक्रवार के बयान से बाजार में तेजी की धारणा को बल मिला। पावेल ने कहा था कि नीतिगत ब्याज दर को दो दशक के उच्चस्तर से नीचे लाने का अब समय आ गया है।
एशिया के अन्य बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त पर रहे, जबकि दक्षिण कोरिया के कॉस्पी और जापान के निक्की में गिरावट आई।
यूरोप के अधिकतर बाजार नुकसान में कारोबार कर रहे थे। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार उल्लेखनीय बढ़त के साथ बंद हुए थे।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड में वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा, ‘‘बाजारों ने कारोबारी सप्ताह की शुरुआत सकारात्मक अंदाज में की और आधा प्रतिशत से अधिक बढ़कर बंद हुए। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत रुख में बदलाव की उम्मीद से इसे बल मिला।’’
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 1,944.48 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की थी।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.08 प्रतिशत बढ़कर 79.87 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 33.02 अंक बढ़कर 81,086.21 अंक पर और एनएसई निफ्टी 11.65 अंक बढ़कर 24,823.15 अंक पर बंद हुआ था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 26, 2024 06:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

