देश की खबरें | मणिपुर में लापता दिव्यांग युवक का शव मिला, अरम्बाई तेंगोल के सदस्यों सहित नौ गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मणिपुर के इम्फाल पश्चिम जिले में एक सप्ताह से लापता दिव्यांग युवक का शव मंगलवार सुबह बरामद किया गया जिसके बाद इलाके में विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
इम्फाल, 17 जून मणिपुर के इम्फाल पश्चिम जिले में एक सप्ताह से लापता दिव्यांग युवक का शव मंगलवार सुबह बरामद किया गया जिसके बाद इलाके में विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में मेइती संगठन अरम्बाई तेंगोल के छह सदस्यों सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि पाओबिटेक मयाई लीकाई निवासी चेसम अब्दुल कादर 11 जून को लापता हो गया था। उस पर चोरी का आरोप लगाया गया और भीड़ ने उस पर हमला कर दिया था, जिसके बाद उसके लापता होने की सूचना दी गई।
पिछले दो दिनों में कुछ गिरफ्तारी के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि युवक की हत्या कर शव को सैमुरो नाओरेम में दफनाया गया है।
पुलिस ने बताया कि जांच से पता चला कि उसकी हत्या कर शव को दफना दिया गया था। शव को कार्यकारी मजिस्ट्रेट, फोरेंसिक टीम और परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में खोदकर निकाला गया।
पुलिस ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "इस सिलसिले में आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है और गहन जांच की जाएगी।"
उन्होंने लोगों से जांच में सहयोग करने और शांत रहने का आग्रह किया।
शव बरामद होने के बाद पाओबिटेक में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया और स्थानीय लोगों ने सड़कों के बीच टायर जला दिए। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े, क्योंकि प्रदर्शनकारियों ने उन पर पथराव शुरु कर दिया था।
गिरफ्तार हुए अरम्बाई तेंगोल के सदस्यों की पहचान लोंगजम हेंसन (24), थौनाओजम अशोक सिंह (20) और हुइद्रोम श्यामसुंदर सिंह (30) के रूप में हुई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)