देश की खबरें | पहलगाम में आतंकी हमले में मारे गये युवक का शव जयपुर लाया गया, कल होगा अंतिम संस्कार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले में मारे गए पर्यटकों में शामिल नीरज उधवानी (33) का शव बुधवार रात जयपुर लाया गया और राजस्थान के कानून मंत्री जोगाराम पटेल, कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और अन्य नेताओं ने हवाई अड्डे पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

जयपुर, 23 अप्रैल जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले में मारे गए पर्यटकों में शामिल नीरज उधवानी (33) का शव बुधवार रात जयपुर लाया गया और राजस्थान के कानून मंत्री जोगाराम पटेल, कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और अन्य नेताओं ने हवाई अड्डे पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ के नाम से मशहूर प्रमुख पर्यटक स्थल बैसरन में मंगलवार को आतंकवादियों ने हमला किया था, जिसमें कम से कम 26 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए।

उधवानी के शव को हवाई अड्डे से मॉडल टाउन स्थित ‘फॉरेस्ट व्यू रेजीडेंसी’ स्थित उनके आवास पर ले जाया गया। निवास पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और ‘‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’’ के नारे लगाने लगे।

हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री पटेल ने हमले की निंदा करते हुए अपनी संवेदना व्यक्त की।

उन्होंने कहा, ‘‘दुख की इस घड़ी में हम शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हैं।’’

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ और राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी बृहस्पतिवार को परिवार से मिलने उधवानी के निवास पर जायेंगे और अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे।

मंत्री ने कहा कि कश्मीर में आतंकी हमले के मद्देनजर सीमावर्ती जिलों के सभी प्रमुख इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। अलर्ट खास तौर पर उन स्थानों के लिये जारी किया गया है जहां संदिग्ध गतिविधियां होने का अंदेशा है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने अपने सुरक्षा बलों को अलर्ट कर दिया है।’’

उधर, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उधवानी के परिजनों को फोन कर संवेदना व्यक्त की। वह बृहस्पतिवार को उधवानी के घर जाएंगे।

नीरज उधवानी (33) और उनकी पत्नी आयुषी मंगलवार को पहलगाम में गये थे। आतंकवादियों ने नीरज की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

मृतक के चाचा दिनेश उधवानी ने बताया कि नीरज दुबई में सीए के तौर पर काम कर रहे थे और वह एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे और सोमवार को जम्मू-कश्मीर घूमने गए थे।

उन्होंने बताया, ‘‘हमें नीरज की पत्नी से सूचना मिली कि उसे आतंकवादियों ने गोली मार दी है।”

दिनेश ने बताया कि नीरज कश्मीर से लौटने के बाद वापस दुबई जाने वाला था। नीरज की शादी फरवरी 2023 में आयुषी के साथ हुई थी।

घटना की जानकारी मिलते ही उनके रिश्तेदारों ने घर जाकर परिवार को सांत्वना दी। मृतक की मां ज्योति ने हमले में शामिल आतंकवादियों के लिए मृत्युदंड की मांग की।

उन्होंने कहा, “आतंकवादियों को फांसी दी जानी चाहिए। भारत के सभी लोगों में भाईचारा है। कोई हिंदू ऐसी घटना कभी नहीं करेगा। नीरज दुबई से एक शादी में शामिल होने आया था और कश्मीर चला गया। मैंने सोमवार को उससे बात की। वह पांच दिन बाद वापस आने वाला था।”

नीरज के पिता की करीब दस साल पहले मौत हो गई थी।

इस बीच, आतंकी हमले के विरोध में शहर में प्रदर्शन किए गए। बड़ी चौपड़ पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, बाजार संघों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

आदर्श नगर में सर्व हिंदू समाज की ओर से आक्रोश रैली निकाली गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now