देश की खबरें | हादसे में मारे गए व्यक्ति का शव फ्लाईओवर के नीचे मिला; कंटेनर चालक गिरफ्तार

जींद, दो फरवरी हरियाणा के जींद में न्यू बाईपास के नीचे एक हादसे में कंटेनर के पलट जाने से उसकी चपेट में आकर एक साइकिल सवार की मौत हो गई। बाद में साइकिल सवार का शव घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर एक फ्लाईओवर के नीचे पड़ा मिला जिसे कुत्ते नोंचते नजर आये। पुलिस ने यह जानकारी दी।

सदर थाने के प्रभारी डा. सुनील ने बताया कि इस घटना के सिलसिले में कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राम कालोनी के निवासी राजमल उर्फ राजू (47) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार गत दिवस घनी धुंध के कारण हांसी ब्रांच नहर पुल के समीप कंटेनर अनियंत्रित होकर न्यू बाईपास से नीचे गिर गया जिसकी चपेट में साइकिल सवार आ गया।

पुलिस के मुताबिक कंटेनर में साइकिल फंसी हुयी थी और पीड़ित के जूते भी पड़े हुए थे। कंटेनर का चालक तथा परिचालक हादसे के बाद वहां से फरार हो गए थे। साइकिल और जूते के आधार पर मृतक की पहचान की गयी।

पुलिस के अनुसार परिजनों ने शनिवार को राजू की तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। रविवार को परिजन फिर से राजू को तलाशने घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, परिजन जब राजू को तलाश रहे थे तो उन्हें एक टांग पड़ी दिखाई दी, जिसे कुत्तों ने खा लिया था। परिजन नहर पटरी पर पहुंचे तो पुल के निकट राजू का शव पड़ा हुआ था।

पुलिस के मुताबिक परिजनों ने शिकायत में आरोप लगाया है कि राजू की मौत के बाद चालक एवं परिचालक ने शव को वहां छिपा दिया होगा।

सदर थाना प्रभारी सुनील ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)