देश की खबरें | उत्तर प्रदेश में उपचुनाव में सुबह नौ बजे तक पड़े औसत 7.87 प्रतिशत वोट

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए मतदान मंगलवार सुबह सात बजे शुरू हो गया। सुबह नौ बजे तक औसतन 7.87 प्रतिशत वोट पड़े।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

लखनऊ, तीन नवम्बर उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए मतदान मंगलवार सुबह सात बजे शुरू हो गया। सुबह नौ बजे तक औसतन 7.87 प्रतिशत वोट पड़े।

संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी रमेश चंद्र राय ने बताया कि सात सीटों पर उपचुनाव के लिये मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया, जो शाम छह बजे तक चलेगा। नौ बजे तक सभी सीटों पर औसतन 7.87 प्रतिशत वोट पड़े।

यह भी पढ़े | Coronavirus Update: भारत में पिछले 24 घंटों में COVID19 संक्रमण 38,310 नए मामले दर्ज, एक दिन में 490 लोगों की हुई मौत; देश में कुल संक्रमण के मामले 5,41,405 तक पहुंची: 3 नवंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

उन्होंने बताया कि प्रदेश की नौगांवा सादात सीट पर 8.50 प्रतिशत, बुलंदशहर सीट पर 7.80, टूंडला सीट पर 8, बांगरमऊ सीट पर 8.27, घाटमपुर सीट पर 5, देवरिया सीट पर 10 तथा मल्हनी सीट पर 7.50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

राय के मुताबिक मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा है और अभी तक कहीं से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

यह भी पढ़े | MP By-Election 2020: मध्यप्रदेश में उपचुनाव के दौरान 23 करोड़ की संपत्ति जब्त, तीन करोड़ 70 लाख की शराब शामिल.

कोविड-19 महामारी के समय प्रदेश में पहली बार हो रही इस चुनावी कवायद में कुल 24,34,368 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। उपचुनाव में कुल 88 प्रत्याशी मैदान में हैं।

उपचुनाव के लिए 1,754 मतदान केंद्र तथा 3,655 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। मतदान के लिए 5,127 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की कंट्रोल यूनिट और 5,492 वीवीपैट तैयार किए गए हैं।

कोविड-19 के मद्देनजर निर्वाचन आयोग ने मतदान स्थलों पर मतदाताओं की अधिकतम संख्या 1,000 तक रखने के निर्देश दिए हैं।

मतदान केंद्रों पर कोविड-19 प्रोटोकॉल सुनिश्चित कराने के लिए थर्मल स्कैनर, हैंड सैनिटाइजर, दस्ताने, फेस मास्क, फेस शील्ड, पीपीई किट, साबुन और पानी की समुचित व्यवस्था की गई है। मतदेय स्थल पर हर मतदाता की थर्मल स्कैनिंग की जाएगी।

अधिकारी ने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए पर्याप्त संख्या में अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती समेत सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं।

इस उपचुनाव का परिणाम 10 नवंबर को घोषित किया जाएगा।

नौगांवा सादात, बुलंदशहर, घाटमपुर, देवरिया और मल्हनी सीटें 2017 में इन पर चुने गए विधायकों के निधन की वजह से रिक्त हुई हैं। वहीं, बांगरमऊ सीट भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को उम्र कैद की सजा के सुनाये जाने के कारण उनकी सदन की सदस्यता समाप्त होने पर जबकि टूंडला की सीट उस पर विधायक चुने गए एसपी सिंह बघेल के आगरा से सांसद बनने के बाद खाली हुई है।

2017 के विधानसभा चुनाव में इन सात सीटों में से छह पर भाजपा ने जबकि मल्हनी सीट पर सपा ने जीत हासिल की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\