एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | पंजाब के लुधियाना में मादक पदार्थों के दो तस्करों की संपत्तियों को जमींदोज किया गया: अधिकारी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के लुधियाना में अधिकारियों ने मादक पदार्थ गिरोहों पर नकेल कसते हुए रविवार को मादक पदार्थों के दो कुख्यात तस्करों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को ध्वस्त कर दिया। एक बयान में यह जानकारी दी गयी।

देश की खबरें | पंजाब के लुधियाना में मादक पदार्थों के दो तस्करों की संपत्तियों को जमींदोज किया गया: अधिकारी

चंडीगढ़, 15 जून पंजाब के लुधियाना में अधिकारियों ने मादक पदार्थ गिरोहों पर नकेल कसते हुए रविवार को मादक पदार्थों के दो कुख्यात तस्करों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को ध्वस्त कर दिया। एक बयान में यह जानकारी दी गयी।

अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस के सहयोग से नगर निगम लुधियाना द्वारा की गई।

बयान के अनुसार, पंजाब के विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून- व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने बताया कि यह कार्रवाई मादक पदार्थ तस्करों को न केवल गिरफ्तार करने बल्कि अवैध तरीकों से अर्जित की गई संपत्तियों को भी कुर्क करने के लिए तेज किए गए अभियान का हिस्सा थी।

उन्होंने बताया कि इन दो संपत्तियों को ध्वस्त किये जाने के साथ ही अब तक कुल 126 अवैध संपत्तियों को ध्वस्त कर दिया गया है।

प्रदेश में एक मार्च, 2025 से मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गयी थी।

बयान के मुताबिक, पहले अभियान में लुधियाना के अमरपुरा की गली संख्या दो में गुरपाल नाम के कुख्यात तस्कर के घर को ध्वस्त किया गया।

लुधियाना के पुलिस आयुक्त स्वप्न शर्मा, पुलिस उपायुक्त (जांच) हरपाल सिंह, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-1 समीर वर्मा और सहायक नगर योजनाकार (एटीपी) जोन-बी कुलजीत सिंह मंगत के नेतृत्व में भारी पुलिस बल की तैनाती में यह कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया, “क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के लिए कुख्यात आरोपी 2014 से इस धंधे में शामिल है।”

अधिकारी ने बताया कि पंजाब पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई तेज किये जाने के बाद गुरपाल हिमाचल प्रदेश भागने में सफल रहा।

उन्होंने बताया कि एक अन्य कार्रवाई में लुधियाना के लोहारा गांव के हीरो सुमन नगर की गली संख्या नौ में स्थित राजिंदर कौर उर्फ ​​रोजी नाम की महिला के घर पर बुलडोजर चलाया गया।

अधिकारी ने बताया कि कौर कुछ वर्ष पहले ही इस इलाके में आकर बसी थी और धीरे-धीरे घर बना रही थी।

उन्होंने बताया कि कौर के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी महिला फिलहाल जेल में है।

उन्होंने बताया कि दोनों ही अभियान सभी नियमों का पालन करते हुए किए गए और इलाके के निवासियों के समर्थन के बीच इसे सुचारू रूप से अंजाम दिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 15, 2025 10:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).