देश की खबरें | अल्पसंख्यक आयोग की कार्यवाहक प्रमुख ने कहा: भगवद् गीता कोई धार्मिक पुस्तक नहीं, बल्कि एक दर्शन है

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग की कार्यवाहक अध्यक्ष सैयद शहजादी ने गुजरात सरकार द्वारा स्कूली पाठ्यक्रम में भगवद् गीता को शामिल किए जाने के फैसले की पृष्ठभूमि में शुक्रवार को कहा कि भगवद् गीता कोई धार्मिक पुस्तक नहीं, बल्कि एक दर्शन है जिसका विदेशों में भी अध्ययन हो रहा है।

नयी दिल्ली, 25 मार्च राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग की कार्यवाहक अध्यक्ष सैयद शहजादी ने गुजरात सरकार द्वारा स्कूली पाठ्यक्रम में भगवद् गीता को शामिल किए जाने के फैसले की पृष्ठभूमि में शुक्रवार को कहा कि भगवद् गीता कोई धार्मिक पुस्तक नहीं, बल्कि एक दर्शन है जिसका विदेशों में भी अध्ययन हो रहा है।

गुजरात सरकार ने पिछले दिनों घोषणा की थी कि भगवद् गीता को अकादमिक वर्ष 2022-23 से पूरे राज्य में छठी से 12वीं कक्षाओं तक के स्कूली पाठ्यक्रमों में शामिल किया जाएगा।

राज्य के शिक्षा मंत्री जीतू वघानी ने कहा था कि भगवद् गीता में मौजूद नैतिक मूल्यों एवं सिद्धांतों को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने का निर्णय केंद्र की नयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) की तर्ज पर लिया गया है।

शहजादी ने गुजरात सरकार के इस फैसले के बारे में पूछे जाने पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘ मेरी यह निजी राय है कि भगवद् गीता एक धार्मिक पुस्तक नहीं है। यह एक दर्शन है। इसे जो चाहें, वह पढ़ सकते हैं। इसे दर्शन के तौर पर देखा जा सकता है। विदेशों में भी इसका अध्ययन हो रहा है।’’

इस सवाल पर कि क्या वह पवित्र कुरान और दूसरे धर्म ग्रंथों की भी पढ़ाई कराए जाने के पक्ष में हैं, उन्होंने कहा, ‘‘हमने किसी को मना नहीं किया है। हम चाहते हैं कि हर धर्म के बारे में लोग पढ़ें।’’

कर्नाटक में हिजाब विवाद पर अल्पसंख्यक आयोग की कार्यवाहक प्रमुख ने कहा, ‘‘सबकी अपनी अपनी भावनाएं होती हैं। लेकिन भावनाओं से देश नहीं चलता। देश संविधान से चलता है। अदालत ने इस पर एक फैसला दिया है। इसे हम सबको मानना होगा।’’

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now