देश की खबरें | इस्लामाबाद में अफगान राजदूत की बेटी का अपहरण अत्यंत चौंकाने वाली घटना : भारत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत ने इस्लामाबाद में अफगानिस्तान के राजदूत की बेटी के अपहरण को बृहस्पतिवार को ‘‘अत्यंत चौंकाने वाली’’ घटना करार दिया और कहा कि पीड़िता के बयानों से पाकिस्तान का इनकार करना ‘‘बहुत ही शर्मनाक’’ है।
नयी दिल्ली, 22 जुलाई भारत ने इस्लामाबाद में अफगानिस्तान के राजदूत की बेटी के अपहरण को बृहस्पतिवार को ‘‘अत्यंत चौंकाने वाली’’ घटना करार दिया और कहा कि पीड़िता के बयानों से पाकिस्तान का इनकार करना ‘‘बहुत ही शर्मनाक’’ है।
उल्लेखनीय है कि गत शुक्रवार को अज्ञात लोगों ने इस्लामाबाद में अफगान राजदूत नजीबुल्ला अलीखिल की 26 वर्षीय बेटी सिलसिला अलीखिल का अपहरण कर लिया था और कई घंटों तक उसे बंधक बनाकर रखा था।
यह रेखांकित करते हुए कि यह पाकिस्तान और अफगानिस्तान से जुड़ा मामला है, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘यह अत्यंत चौंकाने वाली घटना है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, क्योंकि पाकिस्तान के गृह मंत्री ने इसमें भारत का नाम लिया है, मैं केवल यह कहना चाहूंगा कि उनके मापदंडों के हिसाब से भी, पीड़िता के बयानों से पाकिस्तान का इनकार करना बहुत ही शर्मनाक है।’’
बागची घटना के संबंध में एक सवाल का जवाब दे रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘जहां तक पाकिस्तान में भारतीय उच्चायोग और हमारे कर्मियों की सुरक्षा का सवाल है, मैं विशिष्ट सुरक्षा संबंधी उपायों में नहीं जाना चाहूंगा।’’
पाकिस्तान के गृह मंत्री शेख रशीद ने मंगलवार को पुलिस के इस दावे को दोहराया था कि अलीखिल का अपहरण नहीं हुआ था।
घटना के दो दिन बाद, अफगानिस्तान सरकार ने अपने कर्मियों की सुरक्षा चिंताओं के चलते इस्लामाबाद से अपने राजदूत और वरिष्ठ राजनयिकों को वापस बुला लिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)