देश की खबरें | असम में 2026 का विधानसभा चुनाव ‘ भारत और ब्रिटेन’ के बीच होगा : हिमंत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा कि 2026 में राज्य विधानसभा चुनाव ‘‘भारत और ब्रिटेन’’ के बीच लड़ा जाएगा।
गुवाहाटी, चार जून असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा कि 2026 में राज्य विधानसभा चुनाव ‘‘भारत और ब्रिटेन’’ के बीच लड़ा जाएगा।
शर्मा ने गौरव गोगोई के राज्य कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने के एक दिन बाद यह टिप्पणी की है। माना जा रहा है कि उन्होंने यह टिप्पणी गोगोई की ब्रिटिश पत्नी का परोक्ष संदर्भ देते हुए की।
भाजपा पाकिस्तानी जासूसी एजेंसी आईएसआई के साथ गोगोई की पत्नी के कथित संबंधों को लेकर उनपर हमला कर रही है।
शर्मा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि करीब 2,000 फेसबुक अकाउंट असम विधानसभा चुनावों पर टिप्पणी कर रहे हैं, जिनमें से आधे बांग्लादेश और पाकिस्तान से हैं।
मुख्यमंत्री ने गोगोई की पत्नी और बच्चों की नागरिकता का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘परिवार में एक भारतीय और तीन विदेशी हैं। (विधानसभा चुनाव के लिए) लड़ाई भारत और ब्रिटेन के बीच होगी। यह इस बात पर निर्भर करेगा कि कौन बड़ा है - भारत या ब्रिटेन।’’
गोगोई की ओर से शर्मा की टिप्पणी पर तत्काल प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है।
गोगोई ने कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख के रूप में मंगलवार को कार्यभार संभालने के बाद ‘जुज होबो’ (युद्ध होगा) के नारे के साथ अपनी पारी की शुरुआत की और पार्टी कार्यकर्ताओं से अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए खुद को तैयार करने का आग्रह किया।
राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार का नेतृत्व कर रहे शर्मा ने दावा किया, ‘‘अगर भूपेन कुमार बोरा (पूर्व असम कांग्रेस अध्यक्ष) बने रहते तो मुकाबला होता, लेकिन अब कोई मुकाबला नहीं होगा। 10 सितंबर को बहुत कुछ सामने आएगा।’’
असम के मुख्यमंत्री ने पहले दावा किया था कि गोगोई की ब्रिटिश पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न ने भारत और पाकिस्तान के बीच 19 बार यात्रा की थी।
शर्मा दावा कर रहे हैं कि असम सरकार के पास गोगोई और उनकी पत्नी के पाकिस्तान के साथ घनिष्ठ संबंधों के आरोपों को पुष्ट करने के लिए दस्तावेजी सबूत हैं और वह 10 सितंबर तक सब कुछ सार्वजनिक कर देंगे।
विधानसभा चुनाव में गोगोई और शर्मा के बीच अंतर के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मेरे घर में कोई विदेशी नहीं है। मेरे घर में मेरी तरह के सभी लोग हैं। इसलिए, उनके और मेरे बीच बहुत बड़ा अंतर है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं बहुत संघर्ष के बाद इस पद पर पहुंचा हूं। मेरे पिता मुख्यमंत्री नहीं थे और मेरे पास घर में सोने का चम्मच नहीं था।’’ शर्मा का इशारा गौरव गोगोई के पिता दिवंगत तरुण गोगोई की ओर था। वर्तमान मुख्यमंत्री (हिमंत विश्व शर्मा) भी तरुण गोगोई सरकार में मंत्री थे।
शर्मा ने दावा किया कि 2026 के चुनावों में भाजपा विकास कार्यक्रमों और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता के कारण जीत हासिल करेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘लोग यह भी जानते हैं कि राहुल गांधी का समर्थन करने का अभिप्राय पाकिस्तान का समर्थन करना है। उनके नाम पर वोट देने का मतलब पाकिस्तान के लिए वोट करना है। राष्ट्रवाद, अस्मिता और विकास के मामले में भाजपा के अलावा कोई विकल्प नहीं है।’’
उन्होंने दावा किया कि भारत और असम के लिए भाजपा जरूरी है क्योंकि पार्टी ने अतिक्रमणकारियों से जमीन वापस लेने, बाल विवाह रोकने, गैंडे के शिकार को रोकने और स्थानीय लोगों को हथियार लाइसेंस देने जैसे कई बड़े फैसले लिए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 04, 2025 08:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

